बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के लिए गर्व का पल, तीन महिला खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन

वडोदरा, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) की तीन प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर मैत्री मनियार, विधि परमार और अक्षरा तिवारी का आगामी अंडर-19 महिला टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है।
यह सीरीज 10 से 22 नवंबर के बीच आयोजित होगी, जिसमें भारत की अंडर-19 महिला ए टीम, भारत की अंडर-19 महिला बी टीम और नेपाल की अंडर-19 महिला टीम हिस्सा लेंगी।
एक साथ बड़ौदा की तीन महिला क्रिकेटरों का भारतीय टीम में चयन होने से बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन सहित पूरे वडोदरा के क्रिकेट जगत में खुशी और गर्व का माहौल है। इस उपलब्धि पर बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव अमीन ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "बड़ौदा की तीन महिला क्रिकेटर्स का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन होना पूरे बड़ौदा क्रिकेट परिवार के लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। बड़ौदा के युवा क्रिकेटर लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। मैत्री, विधि और अक्षरा को आगामी सीरीज के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उम्मीद है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर शानदार प्रदर्शन करेंगी और बड़ौदा के साथ देश का नाम रोशन करेंगी।"
मैत्री मनियार और विधि परमार इससे पहले भी भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में जगह बना चुकी हैं। जून 2026 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए मैत्री मनियार का टी20 टीम में और विधि परमार का वनडे टीम में चयन हुआ था। दोनों खिलाड़ी नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हाई परफॉर्मेंस कैंप में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अब आगामी त्रिकोणीय सीरीज के लिए दोबारा चयन होने से उनके क्रिकेट करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।
मैत्री मनियार ने सात वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली मैत्री बड़ौदा की अंडर-15 टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। उन्होंने अंडर-19 स्तर पर भी बड़ौदा का प्रतिनिधित्व किया है।
वहीं, 11 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू करने वालीं विधि परमार बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज और दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। विधि बड़ौदा की अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके साथ ही अक्षरा तिवारी का भी आगामी त्रिकोणीय सीरीज के लिए चयन हुआ है। इस तरह बड़ौदा की तीनों महिला खिलाड़ियों को एक साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होने वाली इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत की दो अंडर-19 महिला टीमों और नेपाल की अंडर-19 महिला टीम के बीच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। युवा महिला क्रिकेटर्स को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव देने और उनकी प्रतिभा का आकलन करने के लिहाज से यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
