झारखंड के खूंटी में बेकाबू ट्रक ने आठ को रौंदा, सात की मौत

खूंटी, 6 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने सात लोगों की जान ले ली।
कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ के पास हुए इस हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई।
मृतकों में पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक शामिल हैं। हादसे में घायल खुशबू कुमारी का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सभी मृतक जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9.45 बजे एक स्कूटी सवार जोने-लुदरू मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास की महिलाएं और बच्चे उसे देखने और मदद के लिए पुलिया के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी मृतकों के शव और घायलों को खूंटी सदर अस्पताल लाया गया। रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या सात हो गई।
घायल खुशबू कुमारी का अस्पताल में इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) का चालक नशे में था। वह तोरपा की ओर से काफी तेज रफ्तार और लापरवाही से कर्रा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे जुटे लोगों को उसने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
