बस्ती हत्याकांड का खुलासा जमीन और पैसों के लालच में भाई-भतीजे ने की हत्या, दो गिरफ्तार

बस्ती हत्याकांड का खुलासा जमीन और पैसों के लालच में भाई-भतीजे ने की हत्या, दो गिरफ्तार
यूपी की बस्ती पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बाबूलाल चौधरी हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि जमीन और पैसों के विवाद के चलते सगे भाई और भतीजे ने ही हत्या की साजिश रची थी।

बस्ती, 21 जून (आईएएनएस)। यूपी की बस्ती पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बाबूलाल चौधरी हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि जमीन और पैसों के विवाद के चलते सगे भाई और भतीजे ने ही हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट और बाबूलाल चौधरी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में सर्किल ऑफिसर (सदर) सत्येंद्र भूषण तिवारी ने वाल्टरगंज थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

19 जून को बाबूलाल चौधरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना के बाद बाबूलाल के भाई शिवकुमार चौधरी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सर्विलांस इनपुट और संदिग्धों की गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद मामला पूरी तरह पलट गया और जांच की दिशा मृतक के परिजनों की ओर मुड़ गई।

पुलिस के अनुसार, बाबूलाल चौधरी की कोई संतान या सीधा वारिस नहीं था। वह अपने हिस्से के लगभग पांच लाख रुपए मांग रहा था। इसके अलावा, पैतृक जमीन को लेकर भी परिवार के भीतर विवाद चल रहा था। आरोप है कि भाई शिवकुमार चौधरी और उसका पुत्र पंकज चौधरी पैतृक संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे। जांच में यह सामने आया कि संपत्ति और धन के लालच में दोनों ने मिलकर बाबूलाल की हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने शिवकुमार चौधरी और उसके पुत्र पंकज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी रतनपुर अर्जुन गांव के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें रतनपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट तथा बाबूलाल का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे में वाल्टरगंज थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना के पीछे की साजिश का पर्दाफाश किया। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की और मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Jun 2026 5:42 PM IST

Tags

Next Story