जदयू के एक करोड़ से अधिक सदस्य, विकसित और समृद्ध बिहार निर्माण की जिम्मेदारी बढ़ी निशांत कुमार

जदयू के एक करोड़ से अधिक सदस्य, विकसित और समृद्ध बिहार निर्माण की जिम्मेदारी बढ़ी निशांत कुमार
जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक पटना में संपन्न हुई। बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एक स्वर में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पुनः निर्वाचन का अनुमोदन किया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्वाचन को भी पूर्ण समर्थन मिला।

पटना, 21 जून (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक पटना में संपन्न हुई। बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एक स्वर में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पुनः निर्वाचन का अनुमोदन किया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्वाचन को भी पूर्ण समर्थन मिला।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उमेश कुशवाहा के निर्वाचन का सभी ने अनुमोदन किया। नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचन का भी अनुमोदन किया गया। हमारी पार्टी धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हमें मिलकर पार्टी को और मजबूत करना है। पिता जी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है और लोगों को इससे जोड़ना है।"

उन्होंने पार्टी की सदस्यता पर संतोष जताते हुए कहा कि जदयू के सदस्यों की संख्या अब एक करोड़ से अधिक हो गई है। उन्होंने बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, "हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है। अब हमें मिलकर विकसित बिहार और समृद्ध बिहार का निर्माण करना है और बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।"

जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री मदन सहनी ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पास किया गया। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने सभी सदस्यों को विश्वास दिलाया है कि वे बिहार का व्यापक भ्रमण करेंगे और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।

मदन सहनी ने कहा कि बैठक में यह अहम फैसला भी लिया गया कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, लल्लन बाबू समेत अन्य शीर्ष नेताओं के साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, "बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नीतीश कुमार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जिसका राष्ट्रीय परिषद ने अनुमोदन किया। यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रसन्नता का विषय है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। हम सभी विश्वास करते हैं कि आने वाले समय में जदयू और बेहतर प्रदर्शन करेगी।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Jun 2026 7:04 PM IST

Tags

Next Story