बायर्न म्यूनिख को लगा दोहरा झटका, सर्जरी से गुजरे सैबारी, सर्ज ग्नाब्री चोट के कारण हुए बाहर

म्यूनिख, 1 नवंबर (आईएएनएस)। बोरूसिया डॉर्टमुंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने वाले बायर्न म्यूनिख फुटबॉल क्लब को एक साथ दो खिलाड़ियों की चोट का सामना करना पड़ा है। इस्माइल सैबारी के दाहिने टखने में 'सिंडेस्मोटिक लिगामेंट' फट गया है, जिसके लिए उनकी सर्जरी हुई है। वहीं, सर्ज ग्नाब्री की बाईं जांघ की मांसपेशियों में चोट आई है।
बुंडेसलिगा चैंपियन ने रविवार को इन चोटों की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शनिवार को एलियांज एरिना में हुए मुकाबले के दौरान चोटिल होने के बाद सैबारी की सफल सर्जरी हुई है। दूसरी ओर, ग्नाब्री की बाईं जांघ के पिछले हिस्से की मांसपेशियों में चोट लगी है। मैच के पहले हाफ के दौरान ही दोनों खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाना पड़ा।
डॉर्टमुंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल के साथ हुई टक्कर के बाद सैबारी को ज्यादा गंभीर चोट लगी। बाद में, मोरक्को के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को बैसाखियों के सहारे स्टेडियम से बाहर जाते देखा गया।
इसके ठीक तीन मिनट बाद ग्नाब्री को भी मांसपेशियों में चोट लगने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। इन दो बदलावों ने बायर्न की योजनाओं को बिगाड़ दिया, जो बुंडेसलिगा में अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे।
बायर्न ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "शनिवार को बोरूसिया डॉर्टमुंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ रहे बुंडेसलिगा मैच में चोटिल होने के बाद इस्माइल सैबारी और सर्ज ग्नाब्री दोनों ही बायर्न के लिए कुछ समय तक नहीं खेल पाएंगे। सैबारी के दाहिने टखने का सिंडेस्मोटिक लिगामेंट फट गया था और उनकी सर्जरी हो चुकी है। ग्नाब्री की बाईं हैमस्ट्रिंग (जांघ की मांसपेशी) में चोट आई है।"
मैच के अंतिम क्षणों में चोट लगने के कारण माइकल ओलिसे भी मैदान से बाहर चले गए थे। इन झटकों के बावजूद, बायर्न ने कोनराड लाइमर और डायोट उपमेकानो के गोल की मदद से दो बार बढ़त बनाई। मगर, डॉर्टमुंड ने दोनों बार वापसी की, सेरहू गुइरासी और फैबियो सिल्वा ने गोल करके मैच को 2-2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई।
बायर्न म्यूनिख के पास पूरे तीन अंक हासिल करने के मौके थे, लेकिन हैरी केन दूसरे हाफ में पेनल्टी को गोल में नहीं बदल सके, उनकी किक क्रॉसबार से टकरा गई। इसके अलावा, पूरे मैच के दौरान बायर्न के खिलाड़ियों के शॉट तीन बार गोलपोस्ट से टकराए।
इस ड्रॉ के बाद बायर्न 18 अंकों के साथ बुंडेसलिगा स्टैंडिंग में सबसे ऊपर है और गोल अंतर के मामले में डॉर्टमुंड से आगे है। बायर्न की टीम अब मंगलवार को यूईएफए चैंपियंस लीग में एटलेटिको मैड्रिड का सामना करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
