झारखंड गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म में थाना प्रभारी सहित 15 पुलिसकर्मी निलंबित, तीन गिरफ्तार

सरायकेला, 1 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में रविवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें दो सब इंस्पेक्टर, चार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं।
इससे पहले थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। इस तरह अब तक कुल 15 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में अब तक तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दुष्कर्म का आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और थाना मुंशी शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने रविवार को गम्हरिया थाना पहुंचकर मामले की जांच की। बताया गया कि नौ और पुलिसकर्मियों को अनुशासनहीनता तथा घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुग्धा गांव की रहने वाली महिला गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद और पति की प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। देर रात होने के कारण उसे थाने में ही रुकने की सलाह दी गई थी। आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा महिला को थाना परिसर के एक कमरे में ले गया और उससे दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया।
एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित कमरे को साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए सील कर दिया। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका या लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
