बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में हरभजन सिंह ने लगाया कैंप, युवा ऑफ-स्पिनरों को दी ट्रेनिंग

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में हरभजन सिंह ने लगाया कैंप, युवा ऑफ-स्पिनरों को दी ट्रेनिंग
भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उभरते हुए ऑफ-स्पिनरों के लिए एक खास कैंप लगाया। इसका मकसद युवा खिलाड़ियों के कौशल को निखारना और उन्हें खेल से जुड़ी रणनीतिक जानकारी देना था।

बेंगलुरु, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उभरते हुए ऑफ-स्पिनरों के लिए एक खास कैंप लगाया। इसका मकसद युवा खिलाड़ियों के कौशल को निखारना और उन्हें खेल से जुड़ी रणनीतिक जानकारी देना था।

आईएएनएस ने 2 मार्च को इस बात की जानकारी दी थी कि हरभजन सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ऑफ-स्पिनरों के लिए एक कैंप लगाएंगे। इससे पहले, इसी महीने की शुरुआत में भारत के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने इंडिया ए और अंडर-19 के तेज गेंदबाजों के लिए एक तेज गेंदबाजी कैंप की अगुवाई की थी।

23 से 26 मार्च तक हरभजन से कैंप में मार्गदर्शन पाने वाले स्पिनरों में मुंबई के ऑफ-स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर तनुष कोटियन और उनके साथी ऑफ-स्पिनर हिमांशु सिंह शामिल थे। मध्य प्रदेश के ऑफ-स्पिनर सारांश जैन ने भी इस कैंप में हिस्सा लिया।

बीसीसीआई ने इसकी जानकारी एक्स पर देते हुए लिखा, "भारत के महानतम स्पिनरों में से एक, हरभजन सिंह ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हाई परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग ग्रुप और उभरते हुए ऑफ-स्पिनरों के साथ काम किया।"

बोर्ड ने लिखा, "उन्होंने तकनीकी जानकारी से लेकर रणनीतिक योजना तक हर पहलु पर बात की। सेशन हिस्सा लेने वालों के लिए बहुत फायदेमंद रहा। दिग्गज खिलाड़ी ने खेल के अलग-अलग पहलुओं पर युवाओं को नई सीख दी। ट्रेनिंग खेल जैसी स्थितियों और माहौल को बनाकर आयोजित की गई।"

हरभजन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, "हमारे भविष्य के खिलाड़ियों के साथ समय बिताकर बहुत अच्छा लगा। बहुत पसंद आया।"

हरभजन सिंह भारत के श्रेष्ठतम ऑफ-स्पिनर रहे हैं। हरभजन ने 103 टेस्ट मैचों में 32.46 की औसत से 417 विकेट लिए हैं। वह टेस्ट फॉर्मेट में भारत के चौथे सबसे सफल गेंदबाज हैं। हरभजन वनडे फॉर्मेट में भी सफल रहे हैं और देश के पांचवें सफल गेंदबाज हैं। हरभजन ने 236 वनडे मैचों में 269 विकेट लिए हैं। इसके अलावा 28 टी20 मैचों में उनके नाम 25 विकेट हैं।

हरभजन 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 10:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story