मध्यक्रम हमारे लिए चिंता का विषय नहीं, पिछले साल मौके कम मिले आशीष नेहरा
अहमदाबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने कहा है कि टीम के लिए उसका मध्यक्रम चिंता का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले सीजन भी टीम का मीडिल ऑर्डर खराब प्रदर्शन नहीं कर रहा था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेहरा ने मध्यक्रम को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि सबसे पहले, एक कोच के तौर पर, मुझे ऐसा नहीं लगता कि मिडिल ऑर्डर ढह रहा था। टॉप तीन बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए और अक्सर 17-18 ओवर तक बल्लेबाजी की, जो कि 13-14 मैचों के बाद टीम के इतनी मजबूत स्थिति में होने का एक मुख्य कारण थी।
नेहरा ने कहा, "टॉप तीन बल्लेबाज अक्सर पारी के आखिर तक बल्लेबाजी करते थे। फिनिशर्स को बहुत कम मौके मिले और अक्सर उन्हें मैचों के आखिर में मुश्किल भूमिकाएं निभानी पड़ती थीं। इसे कमजोरी कहना गलत होगा।"
शीर्ष तीन बल्लेबाजों (शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर) के दमदार प्रदर्शन के दम पर जीटी ने अपने पहले 12 मैचों में से नौ जीते, लेकिन आखिरी दो लीग मैचों में हार के कारण वे टॉप दो से बाहर हो गए, और उनका सफर आखिरकार एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हार के साथ खत्म हो गया।
इस पर नेहरा ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि टूर्नामेंट का अंत निराशाजनक रहा, लेकिन जब आपके टॉप तीन बल्लेबाज इतने ज्यादा रन बना रहे हों, तो मध्यक्रम को स्वाभाविक रूप से बहुत कम गेंदें खेलने को मिलती हैं। यह कोई आसान भूमिका नहीं है। 14 मैचों में शायद एक या दो बार ऐसा हुआ होगा जब नंबर 5 या 6 के बल्लेबाज मैच खत्म कर सकते थे, लेकिन नहीं कर पाए, लेकिन यह खेल का ही एक हिस्सा है। चाहे वह राहुल तेवतिया हों, शाहरुख खान हों या शेरफेन रदरफोर्ड, उन्होंने अपना काम किया। इसीलिए हम वहां पहुंचे, जहां थे।"
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, "फिनिशर्स के बारे में बात करना हमेशा आसान होता है, लेकिन जब कोई 18वें ओवर में बल्लेबाजी करने आता है और उसे दो ओवरों में 35 रन चाहिए होते हैं, तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता, खासकर तब जब गेंदबाजी जसप्रीत बुमराह या जोफ्रा आर्चर कर रहे हों।"
आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में जीटी ने जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, और ल्यूक वुड जैसे खिलाड़ियों को खरीद कर टीम को मजबूत किया था।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली जीटी 31 मार्च को मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 में अपने सफर की शुरुआत करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 11:26 PM IST












