यूपी सरकार ने पंच एआई के साथ एमओयू किया रद्द, जांच में खामियां मिलने पर लिया फैसला

यूपी सरकार ने पंच एआई के साथ एमओयू किया रद्द, जांच में खामियां मिलने पर लिया फैसला
उत्तर प्रदेश सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को ध्यान में रखते हुए पंच एआई के साथ किया गया समझौता रद्द कर दिया है।

लखनऊ, 26 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को ध्यान में रखते हुए पंच एआई के साथ किया गया समझौता रद्द कर दिया है।

निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि 23 मार्च को साइन किए गए इस एमओयू की मानक प्रक्रिया के तहत समीक्षा की गई थी।

एजेंसी के मुताबिक, निवेशक से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कंपनी समय पर जरूरी विवरण उपलब्ध नहीं करा सकी। ड्यू डिलिजेंस (जांच) के दौरान कंपनी की नेटवर्थ और इतने बड़े प्रोजेक्ट के अनुरूप विश्वसनीय वित्तीय आधार की कमी सामने आई।

इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर एमओयू को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि अब इस समझौते से जुड़े कोई अधिकार या दायित्व शेष नहीं हैं।

गौरतलब है कि इंवेस्ट यूपी ने पंच एआई के साथ राज्य में करीब 25,000 करोड़ रुपये के निवेश से एआई पार्क स्थापित करने के लिए यह एमओयू किया था।

इससे पहले, इस स्टार्टअप की वित्तीय और संचालन क्षमता को लेकर सवाल उठ रहे थे। बताया जा रहा है कि पंच एआई एक अपेक्षाकृत नई कंपनी है, जिसकी सालाना आय 50 लाख रुपये से भी कम है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर स्पष्ट किया था कि इन्वेस्ट यूपी के जरिए साइन किया गया एमओयू केवल प्रारंभिक चरण होता है और इससे किसी परियोजना की अंतिम मंजूरी या क्रियान्वयन की गारंटी नहीं होती।

उन्होंने कहा था कि एमओयू महज संभावनाओं की तलाश और आगे की प्रक्रिया के लिए एक शुरुआती कदम होता है, जिसके बाद विस्तृत जांच और मूल्यांकन किया जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 11:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story