बेंगलुरु-लखनऊ इंडिगो उड़ान सुरक्षा अलर्ट के बाद एहतियातन लौटाई गई

नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 451 को शनिवार को सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिलने के बाद एहतियातन वापस बेंगलुरु लौटाया गया। एयरलाइन ने बताया कि यह घटना 7 नवंबर को हुई।
इंडिगो के अनुसार, फ्लाइट में संभावित सुरक्षा खतरे की सूचना मिलने के बाद मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया।
एयरलाइन ने कहा कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पायलटों ने विमान को मूल हवाईअड्डे यानी बेंगलुरु वापस ले जाने का फैसला किया, ताकि आवश्यक सुरक्षा जांच की जा सके। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा जांच पूरी होने और संबंधित मंजूरियां मिलने के बाद ही विमान अपनी आगे की यात्रा शुरू करेगा।
एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई है और उन्हें नियमित रूप से स्थिति की जानकारी भी दी जा रही है।
प्रवक्ता ने कहा, "इंडिगो में हमारे यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
इससे पहले 3 नवंबर को दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की एक उड़ान में एक यात्री ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद इमरजेंसी एग्जिट के लीवर कवर को खोलने की कोशिश की, जिससे विमान में अलार्म बज गया था। घटना के बाद इंडिगो के एक क्रू सदस्य ने यात्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोपी की पहचान 33 वर्षीय गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई, जो पुणे जिले के सासवड का निवासी है। वह इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई6884 से यात्रा कर रहा था और उसकी सीट 19डी थी, जो इमरजेंसी एग्जिट के पास स्थित थी।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोविंद पवार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने कहा कि उसने जिज्ञासावश लीवर कवर को खोलने की कोशिश की थी और उसे यह जानकारी नहीं थी कि इसका संबंध इमरजेंसी दरवाजे से है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
