भागलपुर-जमालपुर रेल खंड में चला विशेष टिकट जांच अभियान, 263 यात्रियों पर जुर्माना
मालदा, 16 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने टिकट रहित और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए भागलपुर-जमालपुर रेलखंड में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 263 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे कुल 2,53,040 रुपए जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना और रेलवे में अनुशासित यात्रा व्यवस्था को बढ़ावा देना था।
विशेष अभियान के तहत भागलपुर-जमालपुर रेलखंड से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की जांच की गई। इनमें प्रमुख रूप से 13334 पटना-दुमका एक्सप्रेस, 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस, 12254 अंग एक्सप्रेस, 15658 ब्रह्मपुत्र मेल, 13241 बांका-राजेंद्र नगर टर्मिनल एक्सप्रेस, 13419 भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को शामिल किया गया।
रेलवे ने अभियान के दौरान यात्रियों को रेलवन मोबाइल ऐप के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित टिकट बुक करने के साथ-साथ विभिन्न रेल सेवाओं और यात्रा संबंधी रीयल टाइम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रेलवे का कहना है कि डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था से यात्रियों को नकदरहित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिलता है।
मालदा मंडल ने सभी यात्रियों से यात्रा के दौरान उचित और वैध टिकट साथ रखने की अपील की है। रेलवे ने कहा कि सुरक्षित, अनुशासित और यात्री हितैषी रेल वातावरण बनाए रखने के लिए यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है।
रेलवे अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि टिकट रहित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 9:19 PM IST












