नवादा डीएम ने डॉ भीमराव अंबेडकर आवासीय छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, छात्रों के साथ बैठकर खाया खाना
नवादा, 16 सितंबर (आईएएनएस)। नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बुधवार को रजौली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में छात्रों को दी जा रही आवासीय, शैक्षणिक और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम ने छात्रावास के विभिन्न कक्षों, परिसर, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधा और अन्य जरूरतों के बारे में जानकारी ली। छात्रों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पठन-पाठन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जाए। डीएम ने छात्रों को अंग्रेजी भाषा के महत्व को समझते हुए अंग्रेजी लिखने और बोलने का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को लाइब्रेरी में हिंदी और अंग्रेजी के समाचार-पत्रों के साथ-साथ करंट अफेयर्स से संबंधित पत्र-पत्रिकाओं और मैगजीन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित होगी और सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाओं की जानकारी भी बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों का अवलोकन किया गया। डीएम ने छात्रावास में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सबसे खास बात यह रही कि डीएम ने खुद छात्रावास में संचालित भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के बारे में छात्रों से जानकारी ली और छात्रावास प्रबंधन को निर्धारित मेनू और समय के अनुसार स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस औचक निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी रजौली, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला कल्याण पदाधिकारी नवादा सहित कई संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 9:19 PM IST












