भगवंत मान की "ईमानदारी" का दिखावा पूरी तरह से खत्म, ईडी की जांच में हुआ खुलासा रवनीत बिट्टू
चंडीगढ़, 18 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने कहा कि भगवंत मान की "ईमानदारी" का दिखावा पूरी तरह से खत्म हो गया है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर भगवंत मान का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, जब तक भगवंत मान इस्तीफा नहीं देते, पंजाब भाजपा सड़कों पर विरोध करती रहेगी और यह लड़ाई कानूनी तौर पर भी लड़ेगी।"
उन्होंने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में 61 गंभीर अनियमितताओं का जो खुलासा किया है, उससे साबित होता है कि भ्रष्टाचार सरकार के सबसे ऊंचे पद पर ही बैठा है। अधिकारियों के तबादलों से लेकर जमीन के सौदों और हथियारों के लाइसेंस तक, सब कुछ दिल्ली के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) और दलालों के जरिए किया जा रहा है। सीएम के ओएसडी और उनके करीबी सहयोगियों पर 'कमीशन' और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप हैं। क्या यही भगवंत मान का तथाकथित 'बदलाव' है?"
रवनीत सिंह ने एक और पोस्ट में कहा, "पंजाब को लूटने का एक पारिवारिक धंधा। भगवंत मान की "ईमानदारी" का दिखावा पूरी तरह से खत्म हो गया है। ईडी की जांच अब सिर्फ उनके ओएसडी और राजनीतिक दलालों तक ही सीमित नहीं है। अब यह सीधे मुख्यमंत्री की पत्नी और बहन की ओर इशारा कर रही है।"
उन्होंने आरोप लगाया, "चाहे होटल में पर्दे के पीछे हुई डील हो या कनाडा की विदेशी यात्राएं, पूरा सिस्टम रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से भरा है, जिसे 'गिफ्ट' का नाम दिया गया है। क्या यही वह 'बदलाव' है जिसका वादा आम आदमी पार्टी ने राज्य से किया था? "कट्टर ईमानदारी" का सर्टिफिकेट कहां गायब हो गया?"
उन्होंने कहा, "कानून अपना काम करेगा। दिल्ली में बैठे अपने आकाओं की तरह ही, जिन लोगों ने पंजाबियों की मेहनत की कमाई लूटी है, उन्हें सजा भुगतनी ही होगी। जवाबदेही तय होनी ही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Aug 2026 3:07 PM IST












