यू-टर्न पड़ा भारी: स्कूटर की टक्कर से बाइक सवार हुआ था घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम - डेढ़ माह बाद जाकर चालक महिला पर मामला दर्ज

स्कूटर की टक्कर से बाइक सवार हुआ था घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम - डेढ़ माह बाद जाकर चालक महिला पर मामला दर्ज
  • यू-टर्न लेते समय बाइक को मारी टक्कर
  • लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था युवक

Nagpur News. तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के करीब डेढ़ माह बाद जांच में लापरवाही सामने आने पर गिट्टीखदान पुलिस ने एक्टिवा चालक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सुबह करीब 8.30 बजे विक्रांत गोकुल दुबे (31), निवासी कुतुबशाह नगर, गिट्टीखदान, अपनी बजाज बाइक (एमएच-31/ईजेड-6961) से पुराने काटोल नाका चौक की ओर से घर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस मुख्यालय, काटोल रोड के पास उनकी बाइक का हादसा हो गया। हादसे में विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में उन्हें मेडिकल अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। उपचार के दौरान 4 अगस्त 2026 को सुबह करीब 4.30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यू-टर्न लेते समय बाइक को मारी टक्कर

शुरुआत में पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु दर्ज की थी। जांच के दौरान सामने आया कि एमएच-31/एफके-9003 नंबर की एक्टिवा चला रही जुही खान (45), निवासी बलिरामजी टाउन, न्यू कॉलोनी, सदर, ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाया। पुलिस के मुताबिक, यू-टर्न लेते समय एक्टिवा की टक्कर विक्रांत की बाइक से हुई थी। मृतक की पत्नी रानी विक्रांत दुबे (30) की शिकायत के आधार पर गिट्टीखदान पुलिस ने एक्टिवा चालक जुही खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281, 125(अ) और 125(ब) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सचिन खुटवल कर रहे हैं।

Created On :   18 Aug 2026 5:47 PM IST

Tags

Next Story