कारनामा उजागर: एक बेटी के तीन अलग-अलग नाम से खेला गया करोड़ों की संपत्ति हड़पने का खेल, तत्कालीन अध्यक्ष ने बेशकीमती जमीन हड़पी

एक बेटी के तीन अलग-अलग नाम से खेला गया करोड़ों की संपत्ति हड़पने का खेल, तत्कालीन अध्यक्ष ने बेशकीमती जमीन हड़पी
  • मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज
  • अध्यक्ष पद का दुरुपयोग, सरकारी रिकॉर्ड में भी हेराफेरी
  • जांच में धोखाधड़ी के खुलासे से मां-बेटी पर केस

Nagpur News. एक बेटी... लेकिन नाम तीन। इन तीन नामों का इस्तेमाल कर गृह निर्माण संस्था के तीन प्लॉट अपने नाम कराने का ऐसा खेल रचा गया कि संस्था को करोड़ों की संपत्ति से हाथ धोना पड़ा। दस्तावेजों में हेराफेरी की गई, सरकारी रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराए गए और देखते ही देखते संस्था की बेशकीमती जमीन पर कब्जे की राह तैयार कर ली गई। मामला सामने आने के बाद गृह निर्माण संस्था की तत्कालीन अध्यक्ष और उसकी बेटी के खिलाफ सदर थाने में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

मामला सूरज गृह समस्या निवारण संस्था से जुड़ा है। न्यू मनीष नगर निवासी पुरुषोत्तम पीसे (39) संस्था के सचिव हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सीमा माणिकराव वैद्य उर्फ सिंधु तुलशीराम देवतारे संस्था की अध्यक्ष थीं। संस्था के पदाधिकारियों की सहमति से 13 अगस्त 1998 को उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।


यह भी पढ़े -वंदे मातरम् मामले पर बावनकुले सख्त, बोले- राष्ट्रभावना से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, पुरके की आश्रमशाला में सुविधाओं की दोबारा होगी जांच

आरोप है कि अध्यक्ष पद पर रहते हुए सीमा उर्फ सिंधु ने अपने पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने अपनी बेटी के नाम को अलग-अलग तरीके से दर्शाते हुए संस्था के तीन प्लॉट हड़पने की कथित साजिश रची। दस्तावेजों में बेटी का नाम स्नेहा सचिन जीभकाटे, स्नेहल उर्फ अभिलाषा उर्फ आरती माणिक वैद्य के रूप में दर्शाया गया। इसी आधार पर संस्था के प्लॉट नंबर 122, 123 सहित एक अन्य प्लॉट के दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर की गई।

आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी कार्यालयों में भी बेटी के नाम दर्ज कराए गए। इस तरह संस्था की बेशकीमती संपत्ति को हड़पने का प्रयास किया गया। शिकायत के अनुसार, इस पूरे खेल में संस्था को लाखों-करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का आरोप है।

मामला लंबे समय से आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ था। शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद प्रारंभिक जांच में संस्था के साथ धोखाधड़ी किए जाने के तथ्य सामने आए। इसके बाद सदर पुलिस ने सोमवार को सीमा उर्फ सिंधु और उसकी बेटी स्नेहल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस अब दस्तावेजों में की गई कथित हेराफेरी, प्लॉट के हस्तांतरण और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नामों की जांच कर रही है।

Created On :   17 Aug 2026 6:25 PM IST

Tags

Next Story