मॉकड्रिल से हड़कंप: नागपुर स्टेशन की पार्किंग में मिला बम!, डॉग स्क्वॉड ने 20 मिनट में खोज निकाला संदिग्ध बैग

नागपुर स्टेशन की पार्किंग में मिला बम!, डॉग स्क्वॉड ने 20 मिनट में खोज निकाला संदिग्ध बैग
  • 15 अगस्त से पहले सुरक्षा एजेंसियों की मॉकड्रिल से मचा हड़कंप
  • 20 मिनट में तलाशा ‘बम वाला’ बैग
  • पटरियों पर घातपात की सूचना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Nagpur News. दोपहर का वक्त... नागपुर रेलवे स्टेशन यात्रियों की भीड़ से गुलजार था। तभी सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली कि स्टेशन की पार्किंग में एक संदिग्ध बैग पड़ा है और उसमें बम होने की आशंका है। सूचना मिलते ही स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया। आरपीएफ और जीआरपी के जवान तुरंत सक्रिय हो गए। बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। कुछ ही देर में पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध बैग को ढूंढ निकाला। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, यह कोई वास्तविक बम नहीं था, बल्कि 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था परखी जा रही मॉकड्रिल का हिस्सा था। इस दौरान स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण और संभावित घातपात की स्थिति से निपटने का भी अभ्यास किया गया।

20 मिनट में तलाशा ‘बम वाला’ बैग

गुरुवार को दोपहर करीब 3.30 से 4.30 बजे के बीच नागपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त मॉकड्रिल आयोजित की गई। पहले चरण में पश्चिमी द्वार स्थित पार्किंग में एक बैग में बम रखे होने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दी गई।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम हरकत में आई। बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड ने पार्किंग में तलाशी शुरू की। हर संदिग्ध स्थान को खंगाला गया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध बैग का पता लगा लिया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सुरक्षित किया गया।

पटरियों पर घातपात की सूचना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

मॉकड्रिल के दूसरे चरण में स्टेशन की पटरियों पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा घातपात किए जाने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा दल सक्रिय हुआ और स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। इसके बाद संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर दूसरी ट्रेन से रवाना करने की कार्रवाई का अभ्यास किया गया।

15 अगस्त को लेकर स्टेशन हाई अलर्ट पर

रेलवे स्टेशन व्यस्त और संवेदनशील श्रेणी में आता है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुवार से ही स्टेशन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आरपीएफ और जीआरपी का अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। इसके अलावा बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए यह मॉकड्रिल आयोजित की गई। आरपीएफ के पीआई और उनकी टीम के साथ जीआरपी के पीआई गौरव गावंडे और उनकी टीम ने संयुक्त रूप से मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक पूरा किया।

Created On :   14 Aug 2026 6:39 PM IST

Tags

Next Story