चला तलाशी अभियान: एक करोड़ 96 लाख रुफए का सोना जब्त, चलती ट्रेन में पकड़ाए 2 स्मगलर - एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

एक करोड़ 96 लाख रुफए का सोना जब्त, चलती ट्रेन में पकड़ाए 2 स्मगलर - एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
  • भंडारा से नागपुर के बीच दो गोल्ड स्मगलरों को गिरफ्तार किया
  • दोनों स्मगलरों से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया

Nagpur News. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) व रेलवे सुरक्षा बल ने मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर चलती ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर भंडारा से नागपुर के बीच दो गोल्ड स्मगलरों को गिरफ्तार किया। दोनों स्मगलरों से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार से अधिक बताई गई है। ट्रेन में स्मगलिंग का सोना पकड़ने की एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

संदेह बढ़ते ही कार्रवाई : आरपीएफ की क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो लोग विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। आरपीएफ नागपुर व रायपुर ने इसकी सूचना डीआरआई को दी। दोनों एजेंसियों ने मिलकर चलती ट्रेन में तलाशी अभियान शुरू किया। ट्रेन जब भंडारा से नागपुर के बीच थी, तभी दो लोग बी-12 कोच में संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पूछताछ करने पर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह आैर बढ़ गया। बोगी की तलाशी लेने पर विदेशी सोने के 7 बिस्कुट एवं 1 सोने की छड़ बरामद हुई। कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपए बताई गई।

जांच एजेंसियां अलर्ट : रेलवे सुरक्षा बल ने दोनों आरोपियों को डीआरआई के हवाले किया। डीआरआई दाेनांे से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। एक सप्ताह में गोल्ड स्मगलिंग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। ट्रेन से सोना स्मगलिंग बढ़ने से आरपीएफ, डीआरआई व अन्य जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

कस्टम ड्यूटी बढ़ने से विदेशी सोने की मांग बढ़ी : भारत की तुलना में विदेशों में सोना थोड़ा सस्ता है। इस बीच, केंद्र सरकार ने कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी है। कस्टम ड्यूटी बढ़ने से विदेशी सोने की मांग बढ़ गई है। कस्टम ड्यूटी की चोरी करने के चक्कर में सोने की स्मगलिंग बढ़ गई है।

Created On :   14 Aug 2026 4:47 PM IST

Tags

Next Story