Digital Exclusive: सोशल मीडिया की हर हेल्थ रील पर न करें भरोसा, गलत अनुपात में रेमेडीज कर सकती हैं नुकसान

  • वायरल रील्स में अधूरी हो सकती है आयुर्वेदिक जानकारी
  • चिया सीड और वनस्पतियों की मात्रा का रखें ध्यान
  • अधिक मात्रा में औषधीय पदार्थ भी कर सकते हैं नुकसान

Nagpur News. तजिन्दर सिंघ..सोशल मीडिया पर सेहत से जुड़ी रील्स और वीडियो तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इनमें दादी-नानी के नुस्खों से लेकर विभिन्न आयुर्वेदिक पदार्थों के सेवन से बीमारियों से बचाव और उपचार के दावे किए जाते हैं। हालांकि, जरूरी नहीं कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर रील स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो। विशेषज्ञों के अनुसार, बिना सही जानकारी और चिकित्सकीय सलाह के किसी भी पदार्थ का सेवन नुकसानदायक हो सकता है।

आयुर्वेदिक अस्पताल आरएआरआई की सहायक निदेशक डॉ. सविता शर्मा के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में ऐसी रील्स बनाई जा रही हैं, जिनमें आयुर्वेदिक पदार्थों के सही अनुपात और सेवन के उचित समय की जानकारी नहीं दी जाती। लोग इन वीडियो को देखकर स्वयं ही उपचार शुरू कर देते हैं। खासकर चिया सीड, विभिन्न वनस्पतियों और अन्य प्राकृतिक पदार्थों को लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं। इनका सेवन किस समय, कितनी मात्रा में और किस व्यक्ति के लिए उचित है, यह समझना बेहद जरूरी है।

डॉ. शर्मा का कहना है कि आयुर्वेद में किसी पदार्थ की मात्रा और सेवन की विधि का विशेष महत्व है। कोई पदार्थ सीमित मात्रा में औषधि की तरह काम कर सकता है, लेकिन उसकी अधिक मात्रा शरीर के लिए विष के समान प्रभाव डाल सकती है। इसलिए केवल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी के आधार पर किसी भी रेमिडी को अपनाना उचित नहीं है। जो आगे जानकर अस्थमा और एलर्जी बनकर उभरते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, हर व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति, उम्र, बीमारी और दवाओं के आधार पर उपचार अलग हो सकता है। ऐसे में किसी भी आयुर्वेदिक पदार्थ को नियमित रूप से लेने से पहले योग्य आयुर्वेद चिकित्सक से परामर्श करना जरूरी है। सोशल मीडिया की जानकारी को केवल सामान्य जानकारी तक सीमित रखना ही सुरक्षित विकल्प है।


Created On :   13 Aug 2026 8:47 PM IST

Tags

Next Story