विशेष बैठक: सामूहिक राष्ट्रगीत गायन के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक, मनपा स्कूलों के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा

सामूहिक राष्ट्रगीत गायन के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक, मनपा स्कूलों के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
  • चिटनिस स्टेडियम में 15 अगस्त को सुबह 8 बजे होगा आयोजन
  • तीन दिनों तक होंगे देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम

Nagpur News. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानगरपालिका के शिक्षा विभाग की ओर से चिटनिस स्टेडियम में 15 अगस्त को सुबह 8 बजे सामूहिक राष्ट्रगीत और वंदे मातरम गायन का आयोजन किया जाएगा। इसमें महानगरपालिका द्वारा संचालित सभी स्कूलों के विद्यार्थी सहभागी होंगे। आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शिक्षा विभाग में विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता शिक्षण समिति की सभापति संतोष लढ्ढा ने की। इस दौरान शिक्षणाधिकारी वंदना महाजन, उपशिक्षणाधिकारी सुभाष उपासे, क्रीड़ा विभाग के पीयूष आंबुलकर सहित शिक्षक और अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में संतोष लढ्ढा ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वंदे मातरम के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से भी आयोजन के निर्देश मिले हैं। इसी के तहत महानगरपालिका के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों की सहभागिता से सामूहिक राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का आयोजन किया जा रहा है।

बैठक में विद्यार्थियों की सहभागिता, स्कूलों के बीच समन्वय, विद्यार्थियों के अनुशासन एवं व्यवस्थापन, सांस्कृतिक और क्रीड़ा शिक्षकों की भूमिका तथा चिटनिस स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

तीन दिनों तक होंगे देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम

महानगरपालिका की ओर से शहर में 8 से 15 अगस्त तक देशभक्ति से प्रेरित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को सुबह 8 बजे चिटणीस पार्क में वंदे मातरम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसके बाद 14 अगस्त को शाम 7.30 बजे बजेरिया स्थित वंदे मातरम उद्यान में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे कवि सुरेश भट सभागृह में तिरंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के साथ देशभक्ति से जुड़े आयोजनों का समापन होगा।

Created On :   12 Aug 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story