इन पर 23 मामले दर्ज: पांचपावली-शांतिनगर क्षेत्र में वाहन चोरी और रात की सेंधमारी से जुटाते थे रकम, दो आरोपी फरार

पांचपावली-शांतिनगर क्षेत्र में वाहन चोरी और रात की सेंधमारी से जुटाते थे रकम, दो आरोपी फरार
  • अपर पुलिस आयुक्त विनीता साहू के मार्गदर्शन में कार्रवाई
  • गिरोह के खिलाफ 23 मामले दर्ज

Nagpur News. शहर में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में पांचपावली और शांतिनगर क्षेत्र में सक्रिय एक आपराधिक गिरोह पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत शिकंजा कसा गया है।

गिरोह के सरगना जगदीश विजय गोखले (27), निवासी तांडापेठ, चंद्रभागा नगर, पांचपावली समेत सात आरोपियों के खिलाफ मकोका की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें गिरोह का मुखिया जगदीश गोखले सहित दो आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांचपावली थाने में दर्ज एक अपराध की जांच के दौरान आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आई। इसके बाद उनके खिलाफ अपर पुलिस आयुक्त राजेंद्र दाभाडे और विनीता साहू के मार्गदर्शन में मकोका का प्रस्ताव तैयार किया गया। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आरोपियों पर मकोका की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) के तहत कार्रवाई की गई।

गिरोह के खिलाफ 23 मामले दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया कि जगदीश विजय गोखले के नेतृत्व में गिरोह संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह वाहन चोरी और रात में घरों में सेंधमारी जैसे अपराधों के जरिए आर्थिक लाभ कमाता था।

पिछले पांच वर्षों में गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, हथियार कानून, मारपीट, वाहन चोरी और रात में सेंधमारी समेत कुल 23 मामले दर्ज हैं।

इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई

मकोका के तहत कार्रवाई किए गए आरोपियों में जगदीश विजय गोखले, अंकित उर्फ बिट्टू सूर्यकांत चावरे (27), तांडापेठ, पांचपावली, नचिकेत उर्फ छोटू भांजा केशव झाडे (19), नाइक तालाब, बांग्लादेश, हनुमान मंदिर के पास, पांचपावली, मयूर उर्फ दात्या किशोर आदित्य (22), लालघाणी, पागेपुरा, बाहुली कुएं के पास, शांतिनगर, राकेश नारायण भुरे (19), लालघाणी, पहाड़पुरा, गणेश मंदिर के पास, शांतिनगर, राहुल रामअवतार शिरसाट (23), मस्कासाथ, संभाजी कसार मंदिर के पास, पांचपावली और चंद्रशेखर उर्फ चंदू सदाशिव पौनीकर (20), लालगंज, चकना चौक, सतीमाता मंदिर के पास शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जगदीश गोखले और राहुल शिरसाट फरार हैं।

लगातार अपराध करने वाले गिरोहों पर कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध के मामलों में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील और सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने नागरिकों से आपराधिक गतिविधियों या संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की है।

Created On :   11 Aug 2026 10:23 PM IST

Tags

Next Story