- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 7 सौ फीट तिरंगे के साथ नागपुर में...
आकर्षण: 7 सौ फीट तिरंगे के साथ नागपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विद्यार्थियों का लेझिम तो सिख युवाओं ने किया पारंपरिक युद्धकला का प्रदर्शन

Nagpur News. गस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को नागपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बाजीप्रभु देशपांडे चौक से शुरू हुई यह यात्रा स्वतंत्रतावीर सावरकर चौक पहुंचकर संपन्न हुई। भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी और महापौर नीता ठाकरे के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में पूर्व सैनिकों के साथ हजारों नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण 700 फीट लंबा विशाल तिरंगा रहा। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने इसे हाथों में लेकर यात्रा की अगुवाई की। उनके पीछे स्कूली विद्यार्थियों ने लेझीम और गरबा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सिख समाज द्वारा पारंपरिक युद्धकला के रोमांचक प्रदर्शन ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
यह भी पढ़े -12 अगस्त से भारत मंडपम में आयोजित होगा भारत व्यापार महोत्सव, भारत से दुनिया तक व्यापार का नया द्वार
सावरकर चौक पर हुई जनसभा
यात्रा के समापन पर स्वतंत्रतावीर सावरकर चौक में जनसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने अगस्त क्रांति आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था। इस आंदोलन में महाराष्ट्र और नागपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कम उम्र में देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारी शंकर महाले को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ऐसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजनों के माध्यम से युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराया जा सकता है।
इस अवसर पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक कृष्णा खोपड़े, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी, सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर, पूर्व सैनिक संगठन के प्रमुख पुंडलिक सामंत, श्रीकांत आगलावे, संदीप जाधव, रितेश गावंडे, मनीषा धावड़े, विष्णु चांगदे, सचिन करारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।
यह भी पढ़े -आग से लाखों की सामग्री जलकर खाक. कामठी रोड स्थित फेब्रिकेशन इंडस्ट्रीज में भयंकर लपटों का तांडव
मुख्य आकर्षण
- 700 फीट लंबा विशाल तिरंगा रहा आकर्षण का केंद्र
- पूर्व सैनिकों ने संभाली यात्रा की अगुवाई
- विद्यार्थियों ने लेझीम और गरबा की प्रस्तुतियों से बढ़ाया उत्साह
- सिख समाज ने पारंपरिक युद्धकला का प्रदर्शन किया
- भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर
Created On :   10 Aug 2026 6:53 PM IST












