Nagpur News: खापरखेड़ा में वर्चस्व को लेकर गैंगवार, चाय की दुकान के सामने तलवार से हमला

खापरखेड़ा में वर्चस्व को लेकर गैंगवार, चाय की दुकान के सामने तलवार से हमला
  • चाय पी रहे युवकों को घेरकर हमला, एक युवक गंभीर रूप से घायल
  • हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
  • गिरफ्तार आरोपियों में एक मकोका मामले में जा चुका जेल, दूसरा हिस्ट्रीशीटर

Nagpur News खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के नागमंदिर चौक में चाय की दुकान के सामने वर्चस्व को लेकर हुई गैंगवार के मामले में क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधिसंघर्षग्रस्त बालक को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों पर तलवार और हाथ-बुक्कियों से हमला कर हत्या का प्रयास करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत उर्फ सुदामा मधुकर चाफाडहाके (26), वार्ड क्रमांक-2, खापरखेड़ा; शांतनु उर्फ दद्दू राजेंद्र बागड़े (19), वार्ड क्रमांक-1, बेरसेबा स्कूल के पास, चिचोली, खापरखेड़ा और जीतू रामचंद्र कनोजिया (26), वार्ड क्रमांक-1, ढोके बुद्धविहार के पास, खापरखेड़ा शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हेमंत उर्फ सुदामा पहले मकोका के मामले में जेल जा चुका है, जबकि शांतनु उर्फ दद्दू को हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।

चाय पी रहे थे, तभी घेरकर किया हमला

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार फरियादी अपने दोस्तों के साथ नागमंदिर चौक स्थित चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान आरोपी सूरज कावळे, संघर्ष बागड़े, साहिल बागड़े, शुभम उईके, सुदामा चाफाडहाके, सूरज कांबले और उनके अन्य साथियों ने कथित तौर पर गैरकानूनी जमावड़ा किया। इसके बाद तलवार और हाथ-बुक्कियों से हमला कर फरियादी और उसके साथियों को घायल कर दिया गया।

तलवार के हमले में युवक गंभीर

घटना 2 से 3 अगस्त के दौरान वार्ड क्रमांक-2 स्थित पौनीकर गली, खापरखेड़ा में हुई। हमले में हिमांशु कडू गंभीर रूप से घायल हुआ। उसका पहले न्यू लाइफ हॉस्पिटल और बाद में कुणाल हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची क्राइम ब्रांच

मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने समानांतर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों के अपराध में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। मेडिकल जांच के बाद आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए खापरखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त डॉ. नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, डीसीपी (डिटेक्शन) राहुल माकणीकर और एसीपी क्राइम वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पीआई भरत करहाड़े तथा यूनिट-6 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने की।


Created On :   8 Aug 2026 6:53 PM IST

Tags

Next Story