Nagpur News: नागपुर से नागद्वार यात्रा हुई महंगी, 175 रुपए ज्यादा देने पड़ रहे

नागपुर से नागद्वार यात्रा हुई महंगी, 175 रुपए ज्यादा देने पड़ रहे
  • मध्यप्रदेश सरकार ने बढ़ाया किराया, पहले दिन ही 17 बसें हाउसफुल राए का बोझ
  • 8 से 16 अगस्त तक श्रद्धालुओं के लिए 40 एसटी बसों की व्यवस्था
  • नागपुर से पचमढ़ी जाने वाले यात्रियों पर बढ़ा किराए का बोझ

Nagpur News इस बार नागपुर से पचमढ़ी की नागद्वार यात्रा यात्रियों के लिए महंगी हो गई है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से नागद्वार मेले को देखते हुए नया किराया लागू किया गया है। इसके चलते यात्रियों को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक राशि चुकानी पड़ रही है। सामान्य यात्रियों के लिए करीब 175 रुपए, जबकि महिला और वृद्ध यात्रियों के लिए करीब 180 रुपए अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है।

एसटी महामंडल ने 8 अगस्त से नागद्वार यात्रा की शुरुआत कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 40 एसटी बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें 8 से 16 अगस्त तक यात्रियों को नागपुर से पचमढ़ी तक ले जाएंगी। नागपंचमी के अवसर पर मध्यप्रदेश के नागद्वार में लगने वाले मेले में नागपुर और आसपास के हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एसटी बसों पर निर्भर रहते हैं।

किराए में इस तरह हुई बढ़ोतरी : पिछले वर्ष नागपुर से पचमढ़ी के लिए सामान्य यात्रियों से 400 रुपए, महिला व वृद्ध यात्रियों से 350 रुपए तथा अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना के तहत 295 रुपए किराया लिया जाता था। इस वर्ष महिला और वरिष्ठ यात्रियों से 575 रुपए, जबकि अमृत ज्येष्ठ नागरिकों से 475 रुपए किराया लिया जा रहा है।

मध्यप्रदेश राजपत्र क्रमांक 247 के अनुसार किराए में यह वृद्धि की गई है। महाराष्ट्र की अमृत योजना मध्यप्रदेश में लागू नहीं होने के कारण केलवद के आगे मध्यप्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार किराया लिया जा रहा है।

पहले दिन ही 17 बसें हाउसफुल : नागद्वार यात्रा के पहले दिन 8 अगस्त को दोपहर 4 बजे से रात 10.45 बजे तक बसों का संचालन किया गया। इस दौरान 17 बसें पूरी तरह हाउसफुल रहीं। एसटी अधिकारियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी।

नागपंचमी के अवसर पर नागद्वार मेले में जाने वाले यात्रियों के लिए एसटी की बसें किफायती और भरोसेमंद साधन मानी जाती हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है।


Created On :   8 Aug 2026 6:00 PM IST

Tags

Next Story