- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रुद्राक्ष दिखाकर नकदी दोगुनी करने...
हाथ की सफाई पड़ी भारी: रुद्राक्ष दिखाकर नकदी दोगुनी करने का झांसा, रेलवे स्टेशन पर यात्री से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपी तीन घंटों में गिरफ्तार

Nagpur News. रेलवे स्टेशन पर यात्री को नकदी दोगुनी करने का झांसा देकर मोबाइल और एटीएम कार्ड चुराने वाले तीन आरोपियों को नागपुर जीआरपी पुलिस ने घटना के महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी की रकम, मोबाइल, दो पत्थर और रुद्राक्ष समेत कुल 25,510 रुपये का माल बरामद किया गया।
फरियादी दीपक कुमार हरीनाथ महलो (30), निवासी बिहार ने नागपुर जीआरपी पुलिस स्टेशन में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे सूरत से कर्नूल जा रहे थे। नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उन्होंने कर्नूल के लिए जनरल टिकट लिया और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़े थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे दोस्ती की।
आरोपियों ने उन्हें पत्थर से बना रुद्राक्ष दिखाकर विश्वास में लिया और कहा कि वे उनकी नकदी तथा बैंक खाते में जमा रकम को दोगुना कर सकते हैं। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी से मोबाइल और एटीएम कार्ड बैग में रखने को कहा और किसी तरह उनका एटीएम पासवर्ड भी हासिल कर लिया। आरोपियों ने उन्हें 51 कदम आगे जाकर 10 मिनट तक बैठने के लिए कहा।
फरियादी के वहां से जाने के बाद आरोपियों ने उनका करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और एसबीआई का एटीएम कार्ड चुरा लिया। इसके बाद एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते से 12,500 रुपये निकाल लिए। इस तरह फरियादी के साथ करीब 26,500 रुपये की धोखाधड़ी हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही नागपुर जीआरपी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन बंद अवस्था में गणेशपेठ स्थित बड़े बस स्टैंड के आसपास मिली। पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई अधीक्षक मंगेश शिंदे, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ताराम राठोड और लोहमार्ग नागपुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी पांडुरंग सोनवने के मार्गदर्शन में पीआई गौरव गावंडे एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने की। घटना के तीन घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी कर जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया।
Created On :   7 Aug 2026 9:33 PM IST











