- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एक ही रात में नशे के 5 सौदागर...
उपराजधानी में बड़ी कार्रवाई: एक ही रात में नशे के 5 सौदागर गिरफ्तार, अलग-अलग इलाकों से एमडी और गांजा बरामद - 35 लाख का माल जब्त

Nagpur News. सीएम के शहर में नशे का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। 6 और 7 अगस्त की रात पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए एमडी पावडर और गांजा के साथ कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
हुडकेश्वर में 105.02 ग्राम एमडी, गिट्टीखदान में 21 ग्राम एमडी और कलमना में 2 किलो 43 ग्राम गांजा बरामद किया गया। तीनों कार्रवाइयों में पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री सहित करीब 35 लाख रुपए का माल जब्त किया है। आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थों के सप्लायरों के नाम भी सामने आए हैं। इसके बाद पुलिस अब इस नेटवर्क की अगली कड़ी तक पहुंचने में जुट गई है।
हुडकेश्वर क्षेत्र में गश्त कर रही क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा टीम ने संदिग्ध हालत में मिले एक व्यक्ति को पकड़कर एमडी तस्करी का खुलासा किया। वार्ड क्रमांक 15 में राशन दुकान के पास आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सलीम खान साजिद खान (40), न्यू म्हालगीनगर निवासी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से जिपलॉक पन्नी में 32.200 ग्राम एमडी पावडर बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी ने घर में भी एमडी छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस उसके घर पहुंची तो बाथरूम में छिपाकर रखी 67.810 ग्राम एमडी और बरामद हुई। इस तरह कुल 105.02 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने दो मोबाइल, 6 ग्राम की अंगूठी और बर्गमैन मोपेड सहित कुल 13.30 लाख रुपए का माल जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने एमडी जबलपुर रोड पुल के पास रहने वाले संजय कालिया से खरीदने की बात बताई है। हुडकेश्वर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(क), 29 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
स्कॉर्पियो में दौड़ रहे थे ‘नशे के सौदागर’, वर्कशॉप के सामने डील करते पकड़े गए
गिट्टीखदान क्षेत्र में क्राइम ब्रांच के मादक पदार्थ विरोधी दल ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का पीछा कर एमडी की कथित डील का भंडाफोड़ किया। श्याम लॉन चौक से पलोटी चौक की ओर जा रही काली स्कॉर्पियो संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। गोरेवाड़ा रिंग रोड स्थित स्वागतनगर में स्टार मोटर्स वर्कशॉप के सामने स्कॉर्पियो रुक गई।
स्कॉर्पियो से उतरा एक व्यक्ति वहां मौजूद दूसरे युवक से कुछ लेन-देन करता दिखाई दिया। पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान दानिश खान अबरार खान (42), जाफरनगर और मुकर्रम मुनावर अली काजी (32), स्वागतनगर निवासी के रूप में हुई। तलाशी में दानिश के पास 11 ग्राम और मुकर्रम के पास 10 ग्राम एमडी पावडर मिला। दोनों के मोबाइल भी जब्त किए गए।
पुलिस ने एमडी, दो मोबाइल और स्कॉर्पियो समेत कुल 17.30 लाख रुपए का माल जब्त किया। पूछताछ में आरोपियों ने एमडी अपने साथी सैयद इरफान अली (34), मोमिनपुरा से लाने की जानकारी दी। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। गिट्टीखदान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब), 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
2.43 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
कलमना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार की डिक्की से 2 किलो 43 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम 6 अगस्त की शाम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। हस्तीनापुर से भिलगांव सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर नाले के पास सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी।
कार में बैठे दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान अतिक रफीक खान (33), कपिलनगर और अमित विनायक मानकर (37), टेकानाका निवासी के रूप में हुई। संदेह होने पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों और कार की तलाशी ली। कार की डिक्की में प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा 2.43 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा, मोबाइल और फोर्ड फिगो कार सहित कुल 4.60 लाख रुपए का माल जब्त किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी गांजा बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहे थे। कलमना थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 20(ब)(ii)(ब), 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।
Created On :   7 Aug 2026 7:34 PM IST











