Nagpur News: ऑटो रोककर युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर डंडे से वार; तीन आरोपी गिरफ्तार

ऑटो रोककर युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर डंडे से वार; तीन आरोपी गिरफ्तार
  • पुनापुर चौक पर वारदात, प्लास्टिक के डंडे से किया हमला
  • गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी
  • पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपियों को दबोचा

Nagpur News पारडी थाना क्षेत्र के पुनापुर चौक में सड़क पर वाहन रोकने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने एक युवक को बीच सड़क पर रोककर प्लास्टिक के डंडे और घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक के सिर और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, लोकेश प्रकाश सुरकार (25), निवासी कुटरे सोसायटी, नमो नारायण कॉन्वेंट के पास, पारडी अपने मित्र राहुल जायसवाल की दोपहिया से पुनापुर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऑटो (एमएच-49-सीएक्स-0157) के चालक ने रास्ते में वाहन रोककर लोकेश को आवाज देकर रोक लिया।

आरोप है कि "दोपहिया ऑटो के सामने क्यों रोकी?" इस बात को लेकर आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अपने साथियों खेमराज, दीपक वाड और गोपाल वाड के साथ मिलकर लोकेश पर हमला कर दिया। आरोपियों ने प्लास्टिक के डंडे से उनके सिर पर वार किया और घूंसों से मारपीट कर होंठ पर भी चोट पहुंचाई।

घायल लोकेश को तत्काल भवानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। शिकायत के आधार पर पारडी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सचिन ठाकरे कर रहे हैं।

ट्रैफिक जाम में रास्ता देने को लेकर बवाल : तीन युवकों ने भाइयों पर किया हमला : तहसील थाना क्षेत्र के मोमिनपुरा चौक के पास ट्रैफिक जाम के दौरान रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में तीन अज्ञात युवकों ने दो सगे भाइयों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक आरोपी ने धारदार वस्तु से वार कर युवक की ठोड़ी घायल कर दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिजवान आरिफ शेख (23), निवासी इरोज कॉलोनी, कामगार नगर, अपने भाई फैजान आरिफ शेख (24) के साथ मोपेड से जा रहे थे।

रात करीब 10.20 बजे भगवाधर चौक और मोमीनपुरा चौक के बीच स्थित एक मोबाइल दुकान के सामने ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। रिजवान वाहन से उतरकर आगे बढ़ रहे थे, तभी एक मोपेड पर सवार तीन युवक उनके सामने आ गए। रिजवान ने उनसे वाहन किनारे करने को कहा। इसी बात पर तीनों भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान एक आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से रिजवान के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उनकी ठोड़ी पर गंभीर चोट आई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। घायल भाइयों का उपचार मेयो अस्पताल में कराया गया। शिकायत के आधार पर तहसील पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक संजय माने कर रहे हैं।


Created On :   6 Aug 2026 3:38 PM IST

Tags

Next Story