- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- शिवसेना शिंदे के नेता संजय निरुपम...
गूंगी गुड़िया के बयान पर बवाल: शिवसेना शिंदे के नेता संजय निरुपम ने कहा - महिला को कम आंकने का षड़यंत्र, कांग्रेस माफी मांगे

Nagpur News. राकांपा अजित गुट के अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के वक्तव्य का शिवसेना शिंदे के नेता व महानगर संपर्क प्रमुख संजय निरुपम ने निषेध किया है। निरुपम ने कहा है कि महिला को कम आंकने का षड़यंत्र राजनीतिक दल की ओर से हो रहा है, उसका हम निषेध करते हैं। सुनेत्रा पवार को मामले में कांग्रेस माफी मांगे। शिवसेना सांसदों की पात्रता के मामले में उन्होंने भरोसा जताया कि उच्चतम न्यायालय का निर्णय शिवसेना शिंदे के पक्ष में होगा। बुधवार को निरुपम ने पत्रकारों से चर्चा की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सपकाल ने सोशल मीडिया पर सुनेत्रा पवार को गूंगी गुडिया कहा है। इस मामले को लेकर सपकाल का तीव्र निषेध किया जा रहा है। राकांपा अजित गुट की ओर से राज्य भर में सपकाल के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी विषय पर निरुपम ने कहा-सुनेत्रा पवार राज्य की उपमुख्यमंत्री हैं। उनके प्रति सभी को आदर है। उनको लेकर कांग्रेस ने अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया। वह गलत है। राजनीति में महिला की कमी है। जितनी महिला राजनीति में आ रही है उनको कम आंकने का जो षड़यंत्र राजनीतिक दल कर रहे है, उनका हम निषेध करते हैं। कांग्रेस जल्दी से माफी मांगे। उच्चतम न्यायालय में चल रहे शिवसेना सांसदों की पात्रता के मामले पर निरुपम ने भरोसा व्यक्त किया कि न्यायालय का निर्णय एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना के पक्ष में आएगा। उन्होंने कहा-सभी लाजिक, डेटा व जनादेश शिवसेना शिंदे के पक्ष में है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना बाल ठाकरे की विचारधारा के अनुरुप कार्य कर रही है।
यह भी पढ़े -वसई-विरार मनपा के शिष्टमंडल का दौरा, विकास कार्यों के साथ ही भांडेवाड़ी के कचरा प्रबंधन का निरीक्षण
गणेश मंदिर में महाआरती
संजय निरुपम ने शिवसेना पदाधिकारियों के साथ टेकडी स्थित गणेश मंदिर में महाआरती की। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के राजनीतिक भविष्य की सफलता के लिए भगवान से कामना की है। इसके अलावा राज्य में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ युवा, महिला, किसान सहित सभी वर्ग को मिलने की प्रार्थना की गई है। इस दौरान जिला प्रमुख सूरज गोजे, समन्वयक सुमुख मिश्रा, रविनीश पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   5 Aug 2026 8:09 PM IST











