- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उपराजधानी में आयुर्वेद को मिलेगी नई...
सुगम स्वास्थ सुविधाएं: उपराजधानी में आयुर्वेद को मिलेगी नई पहचान, 50 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव वर्चुअली करेंगे भूमिपूजन

Nagpur News. आयुष मंत्रालय के अधीन केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) चिकित्सा क्षेत्र में नया कदम रखने जा रहा है। क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (आरएआरआई) परिसर में 6 अगस्त (गुरुवार) को नए 50 बेड के अत्याधुनिक आयुर्वेद अस्पताल भवन का भूमिपूजन किया जाएगा। यह नई इमारत क्षेत्र में आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देगी।
भूमिपूजन समारोह का शुभारंभ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे। इस कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, सीसीआरएएस के महानिदेशक प्रो. (वैद्य) रबिनारायण आचार्य, आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ सांख्यिकी सलाहकार सत्यजीत पॉल, आरएआरआई नागपुर की सहायक निदेशक डॉ. सविता शर्मा, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता राजेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि, संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रस्तावित भवन में 50 बेड का आधुनिक आयुर्वेद अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जिसमें मरीजों के उपचार के लिए नवीनतम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके माध्यम से भर्ती मरीजों के उपचार की क्षमता कई गुना बढ़ेगी, वहीं विशेष चिकित्सा सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इसके अलावा संस्थान में क्लीनिकल रिसर्च, स्वास्थ्य नवाचार, चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। भूमिपूजन के बाद भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
फिलहाल 16 बेड का अस्पताल संचालित
वर्तमान में क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, नागपुर में एनएबीएच मान्यता प्राप्त 16 बेड का आयुर्वेद अस्पताल संचालित है, जहां बाह्य एवं आंतरिक रोगियों का उपचार किया जाता है। संस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों, अनुसंधान परियोजनाओं और शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से नागपुर के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। नया 50 बेड का अस्पताल बनने के बाद कहीं अधिक मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।
सीसीआरएएस क्या है?
केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) आयुष मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्था है, जो देश में आयुर्वेद एवं सोवा-रिग्पा चिकित्सा पद्धति पर वैज्ञानिक अनुसंधान, औषधीय पौधों, औषध मानकीकरण, क्लीनिकल रिसर्च और चिकित्सा साहित्य के विकास का शीर्ष संस्थान है। परिषद देशभर में लगभग 30 अनुसंधान संस्थानों, केंद्रों और इकाइयों के माध्यम से कार्य कर रही है तथा विश्वविद्यालयों, अस्पतालों और शोध संस्थानों के सहयोग से विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं का संचालन करती है।
Created On :   4 Aug 2026 8:31 PM IST











