- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फर्जी IPO और शेयर निवेश के नाम पर...
यूपी STF की बड़ी कार्रवाई: फर्जी IPO और शेयर निवेश के नाम पर देशभर में करोड़ों की ठगी, नागपुर में धराया साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड

Third Party
Nagpur News. देशभर में फर्जी शेयर बाजार और आईपीओ निवेश योजनाओं के जरिए लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के कथित मास्टरमाइंड को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनुराग अरविंद श्रीवास्तव के रूप में हुई है। उसे 31 जुलाई को नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से दबोचा गया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे लखनऊ ले जाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यूपी STF के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को शेयर बाजार और आईपीओ में भारी मुनाफे का झांसा देता था। पीड़ितों को पहले "VIP Guidance Group" नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फर्जी ट्रेडिंग सलाह और नकली मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे। इसके बाद उन्हें "Century App" नामक फर्जी निवेश ऐप डाउनलोड कराकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। ऐप में निवेश और लाभ बढ़ता हुआ दिखाई देता था, जबकि पूरी व्यवस्था फर्जी थी।
यह भी पढ़े -रूफटॉप इंस्टालेशन में संतरानगरी का जलवा, बड़ी छलांग लगाते अबतक 1 लाख से अधिक घरों पर लगा सोलर सिस्टम
छापेमारी के दौरान STF ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, एक आईफोन, दो सिम कार्ड, तीन कंपनियों की सील, छह खाली चेकबुक, 3.17 करोड़ रुपये और 2.50 करोड़ रुपये के दो अहस्ताक्षरित चेक, एक रद्द चेक, 139 पन्नों के दस्तावेज तथा एक टाटा नेक्सॉन कार जब्त की।
पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2022 में अपने साथियों के साथ फर्जी गेमिंग और फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी करोड़ों रुपये के लेन-देन कर निवेशकों को ठगने की बात स्वीकार की है। यूपी STF के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह का संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 3,087 शिकायतों से पाया गया है। जांच एजेंसी अब तक करीब दो करोड़ रुपये की राशि वाले बैंक खाते फ्रीज कर चुकी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Created On :   4 Aug 2026 5:24 PM IST











