जोरदार प्रदर्शन: ई-20 इथेनॉल नीति के विरोध में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, गडकरी के वाडे तक मार्च की कोशिश - छावनी में तब्दील इलाका

ई-20 इथेनॉल नीति के विरोध में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, गडकरी के वाडे तक मार्च की कोशिश - छावनी में तब्दील इलाका
  • चिटणीस पार्क चौक पर पुलिस ने रोका
  • गांधी गेट के पास कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
  • ई-20 इथेनॉल नीति के विरोध में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन

Nagpur News. केंद्र सरकार की ई-20 इथेनॉल नीति के विरोध में प्रदेश युवक कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के महाल स्थित निवास (गडकरी वाडा) तक मार्च निकालने का प्रयास किया। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच प्रदर्शनकारियों को चिटणीस पार्क चौक पर ही रोक दिया गया। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन गांधी गेट के पास उन्हें हिरासत में लेकर गणेशपेठ थाने ले जाया गया।

जमकर नारेबाजी

युवक कांग्रेस का यह मार्च देवडिया कांग्रेस भवन से प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे और उपाध्यक्ष कपिल ढोके के नेतृत्व में निकाला गया। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार की इथेनॉल नीति के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने "धर्मेंद्र प्रधान झांकी है, नितीन गडकरी बाकी है", "एक का बेटा ई-20, दूसरे का बेटा टी-20" और "इथेनॉल का पैसा कहां गया" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच ई-20 इथेनॉल नीति से आम नागरिकों, वाहन मालिकों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

महाल क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील

युवक कांग्रेस की ओर से मार्च की घोषणा के बाद पुलिस रविवार शाम से ही सक्रिय हो गई थी। पदाधिकारियों के घर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लेने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही कई पदाधिकारी घर छोड़कर निकल गए। सोमवार सुबह 11 बजे से देवडिया कांग्रेस भवन से लेकर गडकरी वाडा तक पूरे महाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

चिटणीस पार्क चौक पर रोका मार्च

देवडिया कांग्रेस भवन से मार्च निकलने के कुछ ही देर बाद चिटणीस पार्क चौक पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। जब कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार कर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तक पहुंच गए। वहां से गडकरी वाडा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं को गांधी गेट के पास रोककर हिरासत में लिया गया। युवक कांग्रेस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान 8 से 10 पुलिस वाहन तैनात थे और बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

आंदोलन में प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग भोयर, महासचिव रितेश पांडव, अभिषेक धवड, अक्षय हेटे, हेमंत कातुरे, सुशांत लोखंडे, सागर चव्हाण, रौनक चौधरी, अनुष्का वानखेडे, आकाश गुजर, मिथिलेश कन्हेरे, कौस्तुभ शिर्के, मेहुल आडवाणी, अभिजित ठाकरे, आयुषी देशमुख, रोमा चौधरी, रुबी पठाण, सुमंत कुऱ्हेकर, धीरज धकाते, विजया सावरकर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Created On :   3 Aug 2026 8:13 PM IST

Tags

Next Story