नया कीर्तिमान: रूफटॉप इंस्टालेशन में संतरानगरी का जलवा, बड़ी छलांग लगाते अबतक 1 लाख से अधिक घरों पर लगा सोलर सिस्टम

रूफटॉप इंस्टालेशन में संतरानगरी का जलवा,  बड़ी छलांग लगाते अबतक 1 लाख से अधिक घरों पर लगा सोलर सिस्टम
  • राज्य में पहले स्थान पर जिला, 760.85 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत
  • 1 लाख से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम
  • नागपुर सौर ऊर्जा अपनाने के मामले में महाराष्ट्र में पहले स्थान पर पहुंच गया

Nagpur News. 'प्रधानमंत्री सूर्यघर–मुफ्त बिजली योजना' के तहत नागपुर जिले ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले में अब तक 1 लाख 1 हजार 815 उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया है। इसके साथ ही नागपुर सौर ऊर्जा अपनाने के मामले में महाराष्ट्र में पहले स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक स्थापित 7 लाख 10 हजार 124 रूफटॉप सोलर परियोजनाओं में अकेले नागपुर की हिस्सेदारी 14.33 प्रतिशत है। वहीं, राज्य की कुल 2,690.26 मेगावाट स्थापित क्षमता में से 391.51 मेगावाट (14.55 प्रतिशत) क्षमता नागपुर जिले की है।

महावितरण के नागपुर शहर परिमंडल में 84 हजार 347 उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर अपनाया है, जिससे 328.80 मेगावाट क्षमता विकसित हुई है। वहीं, नागपुर ग्रामीण परिमंडल में 17 हजार 468 उपभोक्ताओं ने सोलर सिस्टम लगाकर 64.61 मेगावाट क्षमता स्थापित की है।

योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाती है।

जिले में सोलर सिस्टम लगाने वाले 1 लाख 1 हजार 815 उपभोक्ताओं में से 1 लाख 1 हजार 516 उपभोक्ता 760.85 करोड़ रुपये की सब्सिडी के पात्र बन चुके हैं। इनमें से 93 हजार 651 उपभोक्ताओं के बैंक खातों में अब तक 729.88 करोड़ रुपये की सब्सिडी जमा भी की जा चुकी है।

योजना के तहत मिलने वाली नेट मीटरिंग सुविधा से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त लाभ मिल रहा है। यदि उपभोक्ता द्वारा उत्पादित बिजली उसकी खपत से अधिक होती है, तो अतिरिक्त बिजली महावितरण के ग्रिड में भेज दी जाती है। इस बिजली का मूल्य उपभोक्ता के मासिक बिजली बिल में समायोजित कर दिया जाता है। इससे उपभोक्ता केवल बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन रहे हैं।

Created On :   3 Aug 2026 8:28 PM IST

Tags

Next Story