विरोध प्रदर्शन: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल के विरोध में प्रदर्शन, हिरासत में राकांपा कार्यकर्ता - सुनेत्रा के कटआउट लेकर सड़कों पर उतरे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल के विरोध में प्रदर्शन, हिरासत में राकांपा कार्यकर्ता - सुनेत्रा के कटआउट लेकर सड़कों पर उतरे
  • प्रतिकृति के जरिए जताया विरोध
  • सपकाल से माफी मांगने की मांग
  • राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया
  • कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के झंडे और सुनेत्रा पवार के कटआउट लेकर सड़कों पर उतरे

Nagpur News. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) की प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा की गई 'गुंगी गुड़िया' टिप्पणी के विरोध में बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हर्षवर्धन सपकाल के पोस्टर पर जूते मारकर विरोध दर्ज कराया। बाद में पुलिस ने आंदोलन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बुधवार को वैरायटी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य राजेंद्र जैन के मार्गदर्शन में शहराध्यक्ष अनिल अहिरकर और जिलाध्यक्ष राजाभाऊ टांकसाले के नेतृत्व में कार्याध्यक्ष श्रीकांत शिवणकर ने आंदोलन का नेतृत्व किया।

प्रतिकृति के जरिए जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। महात्मा गांधी के तीन बंदरों की प्रतिकृति पर 'बुरा मत बोलो' का संदेश लिखकर उस पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का चेहरा लगाया गया। कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के झंडे और सुनेत्रा पवार के कटआउट लेकर सड़कों पर उतरे। इस दौरान 'हर्षवर्धन सपकाल मुर्दाबाद' और 'महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे' जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे श्रीकांत शिवणकर को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। चक्का जाम का प्रयास कर रहे कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

सपकाल से माफी मांगने की मांग

शहराध्यक्ष अनिल अहिरकर और जिलाध्यक्ष राजाभाऊ टांकसाले ने कहा कि हर्षवर्धन सपकाल को अपने बयान के लिए तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल महाराष्ट्र की सुसंस्कृत राजनीतिक परंपरा के अनुरूप नहीं है। सुनेत्रा पवार ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपना स्वतंत्र योगदान दिया है। कांग्रेस के पास विकास के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए उसके नेता व्यक्तिगत स्तर की टिप्पणियां कर रहे हैं। महिला सम्मान और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश सरचिटणीस एवं प्रवक्ता प्रशांत पवार, आभा पांडे, बजरंग सिंह परिहार, तानाजी वनवे, राजेश माटे, दिलीप पनकुले, रमेश फुले, जानबा मस्के, सुनीता येरणे, विशाल खांडेकर, माधुरी पालीवाल, नूतन रेवतकर, राजू नागुलवार, मनोज सांगोले, ब्रह्मानंद मस्के, राजेश शुक्ला, दिनेश रोडगे, मुकेश रेवतकर, संदीप सावरकर, भूषण हरडे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Created On :   5 Aug 2026 6:42 PM IST

Tags

Next Story