लापरवाही से मौत: गैस टार्च से हो रहा था रिसाव, अचानक आग लगने से फटा गैस सिलेंडर - वेल्डर की दर्दनाक मौत

Third Party
Third Party 
  • खराब गैस टार्च से रिसाव की जानकारी के बावजूद काम जारी रखने का आरोप
  • यशोधरानगर पुलिस की कार्रवाई
  • कारखाना मालिक पर मामला दर्ज

Nagpur News. यशोधरानगर थाना क्षेत्र के रहमतनगर में एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय वेल्डिंग कारीगर की जान चली गई। वांजरी नाका नंबर-2 रोड स्थित अंसारी फैब्रिकेशन कारखाने में गैस सिलेंडर फटने से गंभीर रूप से घायल हुए सईद अहमद अंसारी की उपचार के दौरान मेडिकल अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कारखाना मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त को सुबह करीब 10.30 से 11 बजे के बीच सईद अहमद फेब्रिकेशन वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया।

विस्फोट में वे बुरी तरह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई तुफैल अहमद अंसारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कारखाने में इस्तेमाल होने वाली गैस वेल्डिंग की टार्च खराब थी और उसमें से गैस रिसने की आवाज भी आती थी। कारखाना मालिक अब्दुल कयुम अंसारी को इसकी जानकारी होने के बावजूद उन्होंने संभावित खतरे को नजरअंदाज किया और काम जारी रखा।

इसी लापरवाही के कारण हादसा होने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। यशोधरानगर पुलिस ने कारखाना मालिक अब्दुल कयुम अंसारी (55), निवासी फारूख नगर, टेकानाका, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 288 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक सुरेश बुंदे मामले की जांच कर रहे हैं।

Created On :   7 Aug 2026 7:44 PM IST

Tags

Next Story