- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लगाने थे 30 हजार और लगे केवल 800...
महावितरण की सफाई: लगाने थे 30 हजार और लगे केवल 800 चेक मीटर, 60 दिन में 29 हजार से ज्यादा चेक मीटर लगाने का दावा

Nagpur News. केंद्र सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान 5 फीसदी चेक मीटर लगाने के निर्देश दिए हैं। महावितरण ने जिले में अभी तक 6 लाख से ज्यादा स्मार्ट मीटर लगाए हैं। इस हिसाब से 30 हजार चेक मीटर लगाना था। स्मार्ट मीटर को लेकर मचे घमासान के बीच महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक ने बताया कि अभी तक 800 चेक मीटर लगाए गए हैं। शेष 29 हजार से ज्यादा चेक मीटर 60 दिन में लगाने का दावा उन्होंने किया। मिशन मोड पर यह काम पूरा करने की सफाई उन्होंने दी।
महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक ने काटोल रोड स्थित विद्युत भवन सभागार में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि स्मार्ट मीटर तेज चलने या ज्यादा बिल आने की बात गलत है। जहां-जहां शिकायतें मिल रही हैं, उनका प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। इस बार ज्यादा गर्मी पड़ने से लोगों को अधिक बिल आने की सफाई उन्होंने दी। उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर और पुराने मीटर का डेमो करने पर दोनों मीटर समान रफ्तार से चल रहे हैं। दोनों मीटर में बिजली की खपत एक जैसी होने का दावा किया। इस अवसर पर महावितरण के अधीक्षक अभियंता प्रफुल लांडे, अमित परांजपे, कार्यकारी अभियंता राहुल जीवतोडे आदि उपस्थित थे।
शिकायत के बाद 379 जगह लगाए चेक मीटर
उन्होंने कहा कि ज्यादा बिल आने की शिकायत मिलने के बाद नागपुर में 379 जगह चेक मीटर लगाए गए। 360 जगह स्मार्ट मीटर सही पाए गए। बचे 19 मामलों में अलग-अलग कारण सामने आए हैं। स्मार्ट मीटर को दोष देना ठीक नहीं है।
बायपास करके बिजली चोरी के 25 से ज्यादा मामले
स्मार्ट मीटर में बिजली चोरी करना मुश्किल है, लेकिन कुछ लोगों ने स्मार्ट मीटर को बायपास करके बिजली चोरी की है। नागपुर में इस तरह बिजली चोरी के 25 से ज्यादा मामले सामने आने की जानकारी उन्होंने दी। उन्होंने कहा कि बकाया बिल होने पर बिजली कट होती है और बिल भुगतान करने पर बिजली आपूर्ति पूर्ववत होती है।
बिजली हानि 12 फीसदी तक
उन्होंने कहा कि गत वर्ष तक बिजली हानि 12.5 फीसदी थी, जो अब घटकर 11-12 फीसदी तक आ गई है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली हानि और कम हो जाएगी।
Created On :   7 Aug 2026 8:12 PM IST












