- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनपा की आमसभा में जलजमाव और बरसात...
एजेंडे के प्रस्तावों पर चर्चा: मनपा की आमसभा में जलजमाव और बरसात में बदहाल हालात को लेकर हंगामे की संभावना

Nagpur News. महानगरपालिका की आमसभा 10 अगस्त की दोपहर 1 बजे सिविल लाइन्स स्थित नियोजन भवन में आयोजित की गई है। सभा में 28 जुलाई की आमसभा के एजेंडे के प्रस्तावों को चर्चा के लिए रखा जाएगा। 28 जुलाई को आमसभा में पीएम आवास योजना के लिए जगह के प्रस्ताव को मंजूर कर सभा समाप्त कर दी गई थी। सत्ता पक्ष के नेता बाल्या उर्फ नरेंद्र बोरकर के स्वास्थ्य खराब होने के चलते सभी प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो पाई थी।
आमसभा समाप्त होने के तीन घंटे बाद ही हुई भारी बारिश से शहर में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बन गई थी। ऐसे में सोमवार को होने वाली आमसभा में विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के नगरसेवकों के भी आक्रामक होने की संभावना है। शहर में नदी और नालों की सफाई पर करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक की निधि खर्च की गई है, लेकिन करीब चार घंटे की बारिश में जलजमाव से राहत कार्य करने की नौबत आ गई थी।
यह भी पढ़े -रंजिश में कार की तोड़फोड़ कर विद्यार्थी पर तलवार से हमला, जान से मारने के प्रयास के आरोप में दो गिरफ्तार
इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा
सभा के महत्वपूर्ण विषयों में शहर में मनपा के 10 जोन कार्यालयों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल है। भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक सुधीर (बंडू) राउत ने जोन कार्यालयों की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 करने को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई से संबंधित प्रश्न किया है। इस प्रस्ताव से मनपा पर आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ने के साथ ही नई सुविधाएं तैयार करने, अतिरिक्त कर्मचारियों और खर्च की आवश्यकता होगी।
दूसरे महत्वपूर्ण प्रस्ताव में पीपीपी मॉडल पर इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर और डायलिसिस सेंटर बनाने की मंजूरी से संबंधित प्रस्ताव है। आमसभा में इस आशय का प्रस्ताव मंजूरी के लिए रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, आइसोलेशन अस्पताल की 10,496.50 वर्ग मीटर जगह में से 2,690 वर्ग मीटर खाली जमीन 30 साल के लिए निजी संस्था को लीज पर दी जानी है। सालाना 1 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से लीज राशि निर्धारित की गई है। मनपा की टेंडर प्रक्रिया में दो संस्थाओं के प्रस्ताव आए हैं। इनमें भवानीमाता सेवा समिति तथा स्व. भानुताई गडकरी मेमोरियल और मानस एग्रो इंडस्ट्रीज एंड इंफ्रा लिमिटेड शामिल हैं।
Created On :   9 Aug 2026 7:54 PM IST













