- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित, कुछ ही...
बारामती में फिर विमान हादसा: प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित, कुछ ही महीनों में लगातार विमान हादसों से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

Nagpur News. बारामती एयरपोर्ट एक बार फिर विमान हादसे से दहल उठा। रविवार दोपहर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान लैंडिंग का प्रयास करते समय एक प्रशिक्षण विमान एयरपोर्ट परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बच गया और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण विमान नियमित उड़ान पर था। लैंडिंग के दौरान अचानक विमान अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। घटना की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
लगातार हादसों से सुरक्षा पर सवाल
बारामती एयरपोर्ट पर कुछ ही महीनों के भीतर हुए विमान हादसों की घटनाओं ने प्रशिक्षण उड़ानों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और लैंडिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए संबंधित एजेंसियों की ओर से प्रशिक्षण उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
मई में भी हुआ था प्रशिक्षण विमान हादसा
इससे पहले 13 मई 2026 को ‘रेडबर्ड’ कंपनी का प्रशिक्षण विमान बारामती एयरपोर्ट के पास गोजुबाबी गांव की सीमा में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जमीन पर गिरने से पहले विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकराया था। विमान में केवल एक प्रशिक्षु पायलट सवार था। वह हादसे में बाल-बाल बच गया था। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तकनीकी खराबी बताई गई थी।
जनवरी में अजित पवार समेत पांच लोगों की हुई थी मौत
- बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर सबसे गंभीर सवाल जनवरी 2026 के भीषण विमान हादसे के बाद उठे थे। लैंडिंग के दौरान चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
- इस हादसे में पायलट कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी जान चली गई थी।
- लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच अब रविवार को हुए हादसे ने एक बार फिर बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण उड़ानों की निगरानी को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
Created On :   9 Aug 2026 4:41 PM IST












