विदेशी फंड: एफसीआरए संशोधन विधेयक पर बोले सीएम फडणवीस - कानून किसी समुदाय के खिलाफ नहीं

एफसीआरए संशोधन विधेयक पर बोले सीएम फडणवीस - कानून किसी समुदाय के खिलाफ नहीं
  • देशविरोधी गतिविधियों में विदेशी फंड का इस्तेमाल रोकना जरूरी
  • कानून किसी समुदाय के खिलाफ नहीं
  • मोदी से मुलाकात को अलग दृष्टि से न देखें

Nagpur News. विदेशी फंड के इस्तेमाल को लेकर प्रस्तावित एफसीआरएस संशोधन विधेयक पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ संस्थाएं एफसीआरएस का दुरुपयोग कर विदेश से पैसा भारत ला रही थीं और उसका इस्तेमाल देशविरोधी गतिविधियों में किया जा रहा था। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए एफसीआरए में संशोधन जरूरी है। सोमवार को दिव्यांग लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरण कार्यक्रम के बाद फडणवीस ने पत्रकारों से चर्चा की।

किसी समुदाय के खिलाफ नहीं

फडणवीस ने कहा कि प्रस्तावित कानून किसी एक समुदाय या केवल ईसाई समुदाय के खिलाफ नहीं है। यह सभी संस्थाओं पर समान रूप से लागू होगा। विदेश से आर्थिक मदद लेने वाली प्रत्येक संस्था को एफसीआरए के तहत अनुमति लेनी होगी। केंद्र सरकार विधेयक पर सभी पक्षों की बात सुनेगी। अमेरिकी सांसदों की ओर से विधेयक को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर उन्होंने सवाल किया कि अगर भारत अपने यहां विदेशी फंड के इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए कानून बना रहा है, तो अमेरिका के लोगों को इससे परेशानी क्यों हो रही है?

रजिस्ट्रेशन खत्म होने पर विदेशी फंड नहीं ले सकेंगे

प्रस्तावित संशोधन के तहत यदि किसी संस्था का एफसीआरए रजिस्ट्रेशन समाप्त हो जाता है, उसका नवीनीकरण नहीं होता या नवीनीकरण का आवेदन खारिज हो जाता है, तो उसका रजिस्ट्रेशन समाप्त माना जाएगा। इसके बाद संस्था विदेश से मिलने वाला फंड स्वीकार नहीं कर सकेगी।

मोदी से मुलाकात को अलग दृष्टि से न देखें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राकांपा शरदचंद्र पवार के 8 सांसदों की मुलाकात को लेकर चर्चाओं पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मुलाकात को अलग दृष्टि से देखने की आवश्यकता नहीं है। शरद पवार की पार्टी के सांसद भाजपा में शामिल होंगे तो हमें आनंद ही होगा। प्रधानमंत्री मोदी किसी एक दल के नहीं बल्कि देश के पीएम हैं। कई नेता अपने निर्वाचन क्षेत्र के काम व समस्याओं को लेकर उनसे मिलते रहते हैं। मैं सीएम हूं तो मेरे से भी विपक्ष के नेता मिलकर अपने काम बताते रहते हैं। फडणवीस ने यह भी कहा कि देश व राज्य में भाजपा की ओर से तिरंगा रैली निकाली जा रही है। नागपुर सहित मुंबई, पुणे, छत्रपति शिवाजीनगर की रैली में वे सहभागी होंगे।

Created On :   10 Aug 2026 9:12 PM IST

Tags

Next Story