तीखा हमला: शिवसेना शिंदे गुट सांसद नरेश म्हस्के का दावा, बोले - उद्धव की जगह खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते थे संजय राउत

शिवसेना शिंदे गुट सांसद नरेश म्हस्के का दावा, बोले - उद्धव की जगह खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते थे संजय राउत
  • रश्मि ठाकरे के खिलाफ राउत ने किया था अपशब्दों का इस्तेमाल
  • उद्धव की जगह खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते थे संजय राउत

New Delhi News. शिवसेना (शिंदे) के सांसद नरेश म्हस्के ने उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य संजय राउत पर बुधवार को तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए राउत ने पवई के एक होटल में बैठक की थी। उन्होंने विधायकों को ठाकरे का विरोध करने और मुख्यमंत्री पद के लिए राउत का नाम आगे बढ़ाने को कहा था। क्योंकि राउत खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते थे। म्हस्के ने यह भी दावा किया कि जिस समय संजय राउत को राज्यसभा का टिकट मिलने में देरी हो रही थी, उस दौरान उन्होंने उद्धव ठाकरे ही नहीं, बल्कि रश्मि ठाकरे के खिलाफ भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि यह बात पूरी शिवसेना को पता है। म्हस्के ने कहा कि संजय राउत को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने पुराने बयानों और उस समय की अपनी भूमिका का जवाब देना चाहिए।

म्हस्के ने अपनी राजनीतिक भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वह एकनाथ शिंदे के साथ सबसे पहले जुड़ने वाले जिला प्रमुखों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिंदे के नेतृत्व पर उनका भरोसा कायम है और वह भविष्य में भी उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। म्हस्के ने दावा किया कि जिस दिन एकनाथ शिंदे ने पार्टी से अलग होने का कदम उठाया, उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने उन्हें फोन किया था। म्हस्के ने कहा, मैंने उद्धव ठाकरे से साफ कह दिया था कि मैं एकनाथ शिंदे के साथ हूं। म्हस्के ने कहा कि उनको वर्षा बंगले पर भी बुलाया गया था। उस समय भी उन्होंने ठाकरे से स्पष्ट कहा था कि एकनाथ शिंदे को बुलाइए। उनके साथ अन्याय मत कीजिए। जो भी गलतफहमियां हुई हैं, उन्हें दूर कीजिए।

नरेश म्हस्के ने संजय राउत को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्होंने एकनाथ शिंदे के खिलाफ कभी कोई शिकायत पत्र लिखा है, तो उसे सार्वजनिक करें। म्हस्के ने कहा कि राउत ऐसा एक भी पत्र दिखा देते हैं, तो वह राजनीति से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने राउत से कहा कि अगर वे ऐसा कोई पत्र नहीं दिखा पाते हैं, तो उन्हें खुद राजनीति से इस्तीफा दे देना चाहिए।

Created On :   12 Aug 2026 8:34 PM IST

Tags

Next Story