कारनामा: मनपा में महत्वपूर्ण विकास कार्य की फाइल चोरी होने से मचा हड़कंप, जांच के आदेश

मनपा में महत्वपूर्ण विकास कार्य की फाइल चोरी होने से मचा हड़कंप, जांच के आदेश
  • महत्वपूर्ण विकास कार्य की फाइल सचिवालय से चोरी
  • खुलासा हैरान करने वाला
  • सत्यता की जांच जारी
  • कांग्रेस ने मनपा आयुक्त डॉ. विपिन को औपचारिक शिकायत सौंपी

Nagpur News. महानगरपालिका की स्थायी समिति से मंजूर एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की फाइल सचिवालय से चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। इसे लेकर शहर की राजनीति गर्माने के आसार हैं। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने मनपा आयुक्त डॉ. विपिन को औपचारिक शिकायत सौंपी है। इसमें फाइल चुराने वाले पूर्व नगरसेवक और इस लापरवाही में लिप्त दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल पुलिस में मामला दर्ज करने की मांग की गई है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, प्रभाग क्रमांक 14 के अंतर्गत गिट्टीखदान स्थित बड़ी मस्जिद से पंचशील नगर तक सीमेंट सड़क निर्माण की फाइल को स्थायी समिति की मंजूरी मिली थी। इसके बाद गत 7 जुलाई को आवक क्रमांक 27-सी के तहत यह फाइल सचिवालय पहुंची थी, लेकिन आगे की प्रशासनिक कार्रवाई के लिए यह संबंधित विभाग तक नहीं पहुंच सकी।

खुलासा हैरान करने वाला

जब इस बारे में पूछताछ की गई, तो सचिवालय के अधिकारियों ने खुलासा किया कि पूर्व नगरसेवक और एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मनपा का कर्मचारी बताकर फाइल वहां से गायब कर दी है। हैरानी की बात यह है कि बिना किसी पहचान पत्र या फाइल प्राप्त करने के आधिकारिक प्राधिकार पत्र की जांच किए बिना ही अधिकारियों ने फाइल उन्हें सौंप दी। हालांकि, सचिवालय के आवक-जावक रजिस्टर में संबंधित व्यक्ति को फाइल दिए जाने की प्रविष्टि दर्ज है, जिसमें ‘शेखर नंदेश्वर' का नाम दर्ज है।

मामला गर्माने के आसार

पिछले कुछ समय से विधायक विकास ठाकरे और पूर्व नगरसेवक कमलेश चौधरी के बीच में विवाद चल रहा है। ठाकरे ने चौधरी के फुटाला स्थित जमीन पर अतिक्रमण का मामला उठाया था। सरकार से इस अतिक्रमण के खिलाफ आदेश भी लाया गया। अब कांग्रेस नगरसेवक झा द्वारा कमलेश चौधरी के खिलाफ फाइल चोरी की शिकायत करने से मामला गर्माने के आसार है।

गंभीर लापरवाही है

अभिजीत झा, कांग्रेस नगरसेवक के मुताबिक महानगरपालिका की इतनी महत्वपूर्ण और संवेदनशील फाइल किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंप देना गंभीर लापरवाही है। इस कृत्य में शामिल पूर्व नगरसेवक कमलेश चौधरी की सीधी संलिप्तता है। उनके साथ-साथ फाइल सौंपने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी जवाबदेही तय की जाए और उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

सत्यता की जांच जारी

डॉ. विपिन, मनपा आयुक्त के मुताबिक मैंने प्रशासन को आरोपों की सत्यता जांचने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, इस बारे में ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी।



Created On :   13 Aug 2026 6:26 PM IST

Tags

Next Story