- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हर साल लाखों पौधे लगाने का दावा...
ताक पर हरियाली...: हर साल लाखों पौधे लगाने का दावा खोखला, सतरंजीपुरा जाेन में सबसे कम पेड़

Nagpur News. बरसात का मौसम आने पर पौधारोपण की ऐसी हवा बनाई जाती है, मानो पूरा शहर हरा-भरा हो जाएगा। शहर प्रदूषण से मुक्त हो जाएगा। नागरिक खुली सांस ले सकेंगे। तीन साल के पौधारोपण के आंकड़े देखने पर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हर साल लाखों पौधे लगाने का दावा खाेखला है। मनपा के उद्यान विभाग से प्राप्त आंकड़ें बताते हैं कि तीन साल में पौने दो लाख पौधे लगाए गए। साल 2023-2024 में 31 हजार 885, साल 2024-2025 में 1 लाख, 6395 और साल 2025-2026 में 38 हजार 201 पौधे लगाए गए। उसमें से कितने जीवित है और कितनों ने दम तोड़ दिया, यह संशोधन का विषय है।
15 साल में दोगुना वृद्धि
वर्तमान में शहर में पेड़ों की संख्या 42 लाख बताई जाती है। महानगरपालिका के कार्यक्षेत्र में वृक्ष गणना चल रही है। पेड़ों की सुरक्षा के लिए जियो टैगिंग करने का नियोजन है। साल 2011 के बाद शहर में वृक्ष गणना की जा रही है। उस समय की वृक्ष गणना में 21 लाख, 43 हजार 838 पेड़ मनपा के रिकार्ड में दर्ज किए गए थे। वर्तमान में चल रही वृक्ष गणना में पेड़ों की संख्या दोगुणा यानी 42 लाख के लगभग पहुंचने का प्राथमिक अनुमान है। साल 2011 की वृक्ष गणना हुई, उस समय हुडकेश्वर और नरसाला महानगरपालिका का हिस्सा नहीं थे। अब यह दोनों परिसर मनपा में शामिल होने पर वृक्ष गणना में पेड़ों की गिनती का समावेश है।
यह भी पढ़े -एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा - आरटीओ दलाल कर रहा था वसूली, खत्म नहीं हो रहा दलाल राज, हिंगोेली टीम का छापा
सतरंजीपुरा जाेन में सबसे कम पेड़
शहर का उत्तर और पश्चिम क्षेत्र हरियाली से समृद्ध है। सतरंजीपुरा जोन पेड़ों के मामले में सबसे पीछे है। वृक्षगणना में सतरंजीपुरा जोन कार्यक्षेत्र में 42 हजार 835 पेड़ दर्ज किए गए। वहीं लक्ष्मीनगर जोन में सबसे ज्यादा 11 लाख, 7 हजार 580 पेड़ गणना में दर्ज हुए। गांधीबाग जोन 59 हजार 528, लकड़गंज जोन 2 लाख, 53 हजार 313, नेहरूनगर जोन 7 लाख, 40 हजार 956, आशीनगर जोन 4 लाख, 91 हजार 310, हनुमान नगर जोन 3 लाख, 93 हजार 344, धंतोली जोन 6 लाख, 1447, धरमपेठ जोन में 4 लाख, 75 हजार 602 पेड़ों की गणना की गई है। मंगलवारी जोन में पेड़ों की गणना चालू है। अभी तक 21 हजार 535 पेड़ों की गिनती हो चुकी है।
जल्द पूरी होगी वृक्ष गणना
अमोल चौरपगार, वृक्ष संवर्धक, उद्यान विभाग मनपा के मुताबिक शहर में वृक्ष गणना चल रही है। जल्द ही पूरी होने पर शहर में पेड़ों का निश्चित आंकड़ा स्पष्ट होगा।
Created On :   14 Aug 2026 5:09 PM IST










