- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाज्योति कार्यालय में खाली कुर्सी...
अनोखा विरोध: महाज्योति कार्यालय में खाली कुर्सी पर चढ़ाई फूल माला, बसपा ने कहा-छात्रों का अपमान बर्दाश्त नहीं

Nagpur News. महाज्योति (महात्मा ज्योतिबा फुले अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान) के प्रबंध निदेशक मिलिंद नारिंगे द्वारा छात्रों की समस्याएं सुनने से इनकार करने पर बहुजन समाज पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। ओबीसी और एसबीसी वर्ग के छात्रों के साथ अगेंस्ट सीएपी निर्णय के तहत हो रहे अन्याय को समाप्त करने और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर बसपा पदाधिकारी ज्ञापन देने पहुंचे थे।
हालांकि, अधिकारियों ने समस्याओं को सुनने के बजाय बैठक को प्राथमिकता दी और छात्रों को दो घंटे इंतजार करने का गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। छात्रों के इस अपमान के विरोध में बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रबंध निदेशक की खाली कुर्सी पर हार चढ़ाकर प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अनोखा आंदोलन किया।
बसपा ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के प्रश्नों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए है। अधिकारी छात्रों की सेवा के लिए हैं, केवल बैठकें करने के लिए नहीं। छात्रों को उनके शैक्षणिक अधिकारों और छात्रवृत्ति के लिए संघर्ष न करना पड़े, यही बसपा का मुख्य उद्देश्य है। बसपा ने चेतावनी दी है कि पिछड़े वर्ग के छात्रों पर अन्याय किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और उनका यह संघर्ष आगे भी मजबूती से जारी रहेगा।
Created On :   14 Aug 2026 5:27 PM IST











