बात का बतंगड़: पावभाजी खत्म होने पर भड़का बदमाश, नाश्ता विक्रेता का गला काटने का प्रयास - आरोपी गिरफ्तार

Third Party

Third Party

  • कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की
  • कटर से किया जानलेवा हमला
  • दुकान बंद कर घर ले गया था सामान

Nagpur News. रात का वक्त था। दुकान बंद हो चुकी थी और नाश्ता विक्रेता अपना सामान समेटकर घर पहुंचा ही था। तभी पड़ोस में रहने वाला एक कुख्यात बदमाश उसके पास पहुंचा और पावभाजी-पुलाव की मांग करने लगा। नाश्ता खत्म होने की बात सुनते ही वह आपा खो बैठा। पहले कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और फिर जेब से कटर निकालकर विक्रेता के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से विक्रेता पीछे हट गया, लेकिन कटर उसके गले को छू गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार की देर रात आझमशहा चौक के पास हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लकड़गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी संतोष सुरेश रणसुरे (29) को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।

दुकान बंद कर घर ले गया था सामान

मध्य प्रदेश का मूल निवासी और वर्तमान में आज़मशाह चौक, नागपुर निवासी भालचंद्र यादव (44) पावभाजी और पुलाव बेचता है। आज़मशाह चौक के पास ही उसका नाश्ते का ठेला लगता है। गुरुवार रात करीब 12.30 बजे उसने दुकान बंद की और ठेले का सामान घर ले गया।

भालचंद्र घर में सामान रख रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाला संतोष रणसुरे वहां पहुंच गया। संतोष ने उससे पुलाव और पावभाजी मांगी। भालचंद्र ने बताया कि नाश्ता खत्म हो चुका है और दुकान भी बंद कर दी है।

‘नाश्ता खत्म है’ सुनते ही खोया आपा

नाश्ता खत्म होने की बात संतोष को नागवार गुजरी। वह गुस्से में भड़क उठा और भालचंद्र का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जेब से कटर निकाला और भालचंद्र के गले पर वार करने का प्रयास किया।

अचानक हुए हमले को भांपते हुए भालचंद्र पीछे हट गया। इसके बावजूद कटर उसके गले को लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी के खिलाफ पहले से भी मामले

घटना की सूचना मिलते ही लकड़गंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी संतोष रणसुरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।

Created On :   14 Aug 2026 6:08 PM IST

Tags

Next Story