संवाद: एस. जयशंकर ने कहा - अपनी सोच बड़ी रखिए और सीमाओं से परे सोचिए, एमपी लीड युवाओं से किया संवाद

New Delhi News. राज्यसभा सांसद डॉ. अजित गोपछडे की पहल एमपी लीड फेलोशिप के युवाओं ने देश के विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर के साथ एक विशेष एवं प्रेरणादायी संवाद किया। इस अवसर पर युवाओं को भारत की विदेश नीति, वैश्विक कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। विदेश मंत्री ने युवाओं से बातचीत में कहा कि अपनी सोच बड़ी रखिए और सीमाओं से परे सोचिए।
डॉ. एस. जयशंकर ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए वैश्विक घटनाक्रमों को समझने, व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ भारत के हितों को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और भारत की विकास एवं वैश्विक नेतृत्व यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान युवाओं ने विभिन्न समकालीन अंतरराष्ट्रीय विषयों, भारत की विदेश नीति, वैश्विक चुनौतियों तथा युवाओं की भूमिका से जुड़े प्रश्न पूछे। विदेश मंत्री ने युवाओंं के प्रश्नों पर अपने अनुभव और विचार साझा किए, जिससे संवाद अत्यंत ज्ञानवर्धक और सार्थक रहा। डॉ. गोपछडे द्वारा प्रारंभ की गई एमपी लीड फेलोशिप का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं, शासन, नीति-निर्माण और प्रशासन की वास्तविक प्रक्रियाओं से जोड़ना तथा उन्हें जिम्मेदार और सक्षम युवा नेतृत्व के रूप में तैयार करना है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जी के साथ यह संवाद इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
Created On :   14 Aug 2026 4:04 PM IST












