24 घंटे में तीन हत्याएं: सदर में गाली-गलौज के बाद खूनी वारदात, एमआईडीसी में कथित प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, गणेशपेठ में भाई को जान से मारा

सदर में गाली-गलौज के बाद खूनी वारदात, एमआईडीसी में कथित प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, गणेशपेठ में भाई को जान से मारा
  • गणेशपेठ में पारिवारिक विवाद ने ली छोटे भाई की जान
  • कथित प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
  • गाली-गलौज के बाद खूनी वारदात को दिया अंजाम

Nagpur News. शहर जब स्वतंत्रता दिवस के जश्न की तैयारियों में व्यस्त था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटी थी, उसी दौरान 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं और एक जानलेवा हमले की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। सदर, एमआईडीसी और गणेशपेठ थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली गाली-गलौज, कहीं कथित प्रेम संबंध तो कहीं पारिवारिक विवाद सामने आया। तीनों घटनाओं ने शहर में बढ़ते गुस्से, शक और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में जुटी पुलिस के लिए ये घटनाएं गंभीर चुनौती बनकर सामने आईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे चंदन सिरसवार रामगिरी झोपड़पट्टी के पास पुल पर एक पान ठेले के समीप बैठे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक सागर भोंडेकर की रिक्शा से चाय-नाश्ते की दुकान की तिरपाल फट गई। इस बात को लेकर चंदन ने उसे गाली दी थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ई-रिक्शा चालक सागर सुरेश भोंडेकर (27), तेलंगखेड़ी, ने अपने साथियों ऋषिकेश राजेंद्र कनोजिया (19), सिविल लाइंस, सदर, राहुल उर्फ झिंग्या मनोहर सलामे (19), सदर और एक विधि संघर्षग्रस्त बालक के साथ मिलकर चंदन को सबक सिखाने की साजिश रची। घटना की रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच चंदन दोपहिया वाहन से घर जा रहे थे। आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर सीमेंट के गट्टे से उनके सिर पर गंभीर वार किए। गंभीर रूप से घायल चंदन को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई दीपक सिरसवार (45) की शिकायत पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया। सहायक पुलिस निरीक्षक दिगंबर राठोड़ और जांच दल ने आरोपियों की तलाश कर ऋषिकेश कनोजिया और राहुल सलामे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी सागर भोंडेकर सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक नितीन विठोले कर रहे हैं।

एमआईडीसी में रिश्तों के उलझे धागों में पति की मौत

एमआईडीसी क्षेत्र में 33 वर्षीय सुधीर द्विवेदी की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुधीर की मौत को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुधीर की पत्नी पूजा द्विवेदी (22) और उसके कथित प्रेमी आशीषकुमार अग्निहोत्री (29) पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। आशीष और सुधीर एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान आशीष का सुधीर के घर आना-जाना बढ़ा और पुलिस के अनुसार पूजा से उसके कथित प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त की रात शराब पीने के बाद कथित तौर पर पूजा और आशीष ने सुधीर का दुपट्टे से गला घोंट दिया। इसके बाद शव राजीव नगर में बिजली के खंभे के पास फेंक दिया गया और पास में शराब की बोतल रखकर मौत को हादसा दिखाने का प्रयास किया गया। शुरुआत में एमआईडीसी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु दर्ज की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद जांच का रुख बदला। जांच के आधार पर आशीष को गिरफ्तार कर चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पूजा फरार बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घरेलू विवाद में छोटे भाई की मौत

गणेशपेठ क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, अटारोली निवासी अक्षय शेट्टे (28) पर आरोप था कि वह शराब के नशे में अपनी दादी से मारपीट करता था। शनिवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद उसका बड़ा भाई मयूर शेट्टे (33) और अन्य लोगों के साथ उसका सामना हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इसमें अक्षय और उसके साथियों को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल अक्षय को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 16 अगस्त की सुबह 9.01 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में गणेशपेठ पुलिस ने मयूर को गिरफ्तार किया है, जबकि रितेश उर्फ सोनू डेंगे, अमोल उर्फ भुर्या खुर्सोड और अर्पित बुधे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आकाश केशव पटले (28), उसका मित्र अक्षय प्रकाश शेट्टे और अंकित जितेंद्रसिंह चव्हाण (27) अक्षय के बड़े भाई मयूर प्रकाश शेट्टे (33) की तलाश में निकले थे। बताया गया कि मयूर शराब के नशे में घर पर अपनी दादी से मारपीट करता था। इसी दौरान अशोक चौक से शिवाजी पुतला के बीच मोरघडे होम्योपैथी क्लिनिक के सामने पीछे से आए मोपेड चालक ने उनकी दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद रितेश उर्फ सोनू प्रल्हाद डेंगे, अमोल उर्फ भुर्या सुरेश खुरसोड और अर्पित ईश्वर बुधे ने मयूर के साथ मिलकर तीनों पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आकाश के हाथ और अंकित के हाथ-पैर पर वार किए, जबकि अक्षय पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अक्षय की मौत हो गई। शुरुआत में गणेशपेठ थाने में धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अक्षय की मौत के बाद मामले में धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। आकाश और अंकित का उपचार जारी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Created On :   16 Aug 2026 9:47 PM IST

Tags

Next Story