- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वंदे मातरम् मामले पर बावनकुले सख्त,...
चेतावनी: वंदे मातरम् मामले पर बावनकुले सख्त, बोले- राष्ट्रभावना से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, पुरके की आश्रमशाला में सुविधाओं की दोबारा होगी जांच

Nagpur News. वंदे मातरम् गीत के कथित अपमान के मामले में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का अपमान देश की संस्कृति और राष्ट्रभावना का अपमान है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कार्रवाई की मांग की जाएगी। सोमवार को विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बावनकुले ने कहा कि वंदे मातरम् का अपमान करने वालों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
रोहित पवार नकारात्मक माहौल न बनाएं
चुनाव आयोग की व्यवस्था को लेकर विधायक रोहित पवार के बयानों पर बावनकुले ने कहा कि चुनाव आयोग की व्यवस्था पर आरोप लगाना संविधान के खिलाफ है। एसआईआर प्रक्रिया में राष्ट्रवादी कांग्रेस, कांग्रेस सहित सभी दलों के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से सहयोग करना चाहिए। बूथ लेवल अधिकारी किस तरह काम कर रहे हैं, इस पर सभी राजनीतिक दलों को नजर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटने न पाए। बावनकुले ने आरोप लगाया कि राकांपा के शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार गलत आरोप लगाकर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया में सभी को ईमानदारी से सहयोग करना चाहिए।
यह भी पढ़े -आठवले ने कहा - आरक्षण रद्द करने की मांग करने वालों पर सरकार कार्रवाई करे, दीपके को आरपीआई में शामिल होने का न्योता
पुरके की आश्रमशाला की दोबारा जांच
बावनकुले ने कहा कि पूर्व मंत्री वसंत पुरके की आश्रमशाला में उपलब्ध सुविधाओं की दोबारा जांच की जाएगी। आदिवासी विद्यार्थियों के छात्रावास में बाथरूम के दरवाजे नहीं होने की जानकारी सामने आई है। आदिवासी विकास विभाग को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग के सचिव से चर्चा की जाएगी और आश्रमशाला की दोबारा जांच के निर्देश दिए जाएंगे।
पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर भी नाराजगी
भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर भी बावनकुले ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पृथ्वीराज चव्हाण वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन मीडिया में चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देना उचित नहीं है।
राजस्थान में निकाय चुनाव की जिम्मेदारी
राजस्थान का सहप्रभारी बनाए जाने को लेकर बावनकुले ने कहा कि वे सोमवार को जयपुर जा रहे हैं। राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। पार्टी की ओर से सहप्रभारी के तौर पर उन्हें कौन-सी जिम्मेदारी दी गई है, इसकी जानकारी जयपुर पहुंचने के बाद मिलेगी।
Created On :   17 Aug 2026 5:50 PM IST












