पड़ताल जारी: दिल्ली-बेंगलुरु के बाद अब उपराजधानी नागपुर के 19 स्थानों में स्कूलों सहित कलेक्टर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल ने मचाया हड़कंप

दिल्ली-बेंगलुरु के बाद अब उपराजधानी नागपुर के 19 स्थानों में स्कूलों सहित कलेक्टर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल ने मचाया हड़कंप
  • धमकी भरे ईमेल से हड़कंप, अभिभावकों में बढ़ी चिंता
  • स्कूलों में पहुंचीं पुलिस की टीमें, घंटों चली सघन तलाशी
  • पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई

Nagpur News. महाराष्ट्र के नागपुर में मंगलवार सुबह 10 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के 18 स्कूलों और कलेक्टर ऑफिस सहित कुल 19 स्थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। धमकी की खबर फैलते ही अभिभावकों में डर का माहौल बन गया। कई परिवार एक-दूसरे को फोन कर स्कूलों की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा की जानकारी लेते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। अलग-अलग स्कूलों में खोजी दल और पुलिस की टीमें भेजी गईं। पुलिस ने स्कूल परिसरों के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर जुड़े ई-मेल पर बम विस्फोट की धमकी पहुंची। सेंटर प्वाइंट, दिल्ली पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय की अजनी, काटोल तथा वायुसेना नगर स्थित शाखाओं के मुख्याध्यापकों को धमकी भरा ई-मेल मिला। संदेश मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।

मामले की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचते ही स्कूलों के बाहर भीड़ जुटने लगी। कई पालक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित होकर स्कूल पहुंच गए। कुछ समय के लिए स्कूल परिसरों के बाहर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों और मैदान में पहुंचाया। संबंधित पुलिस थानों की टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली करवाया गया और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को बुलाया गया।


ईमेल में खालिस्तान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कई राजनीतिक नेताओं का भी उल्लेख किया गया था। इससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई।

बम की तलाश में बीडीडीएस और श्वान दस्ता

बीडीडीएस टीम ने स्कूल की इमारत से लेकर आसपास के पूरे परिसर तक बारीकी से तलाशी ली। बम या विस्फोटक की मौजूदगी का पता लगाने के लिए करीब 11 बजे श्वान दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हर संभावित स्थान की जांच की, लेकिन अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है।


साइबर पुलिस ने खंगालना शुरू किया ई-मेल का सुराग

धमकी भरे ई-मेल के पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए साइबर शाखा भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले के IP एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच कर रही है। ई-मेल कहां से भेजा गया, किस सिस्टम या खाते का इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है, इन सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

दिल्ली-बेंगलुरु में भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

पुलिस के अनुसार, इससे पहले दिल्ली और बेंगलुरु के कई स्कूलों को भी इसी तरह बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल भेजे जा चुके हैं। जांच के बाद वे धमकियां फर्जी निकली थीं। इसी कड़ी में नागपुर में भी फर्जी धमकी वाले ई-मेल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। धमकी के बाद एक स्कूल ने विद्यार्थियों को घर भेजने की सूचना अभिभावकों को मैसेज के जरिए दी। संदेश मिलते ही बड़ी संख्या में पालक स्कूल गेट पर पहुंच गए और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए इंतजार करते रहे।



Created On :   18 Aug 2026 4:44 PM IST

Tags

Next Story