- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ता...
बढ़ाई हिम्मत: राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार को फोन लगाकर कहा - आपकी मदद के लिए मेरे घर के दरवाजे सदैव खुले हैं

Nagpur News. कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता नीलेश देशभ्रतार के निधन पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनके परिवार से फोन पर बात कर सांत्वना दी। 12 अगस्त को राहुल गांधी ने नीलेश की पत्नी पूजा देशभ्रतार और उनकी पुत्री से करीब आठ मिनट तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नीलेश की बीमारी, इलाज और परिवार की स्थिति की जानकारी ली। राहुल गांधी ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा, “पहले ही सूचना मिलती तो मैं कोई सहायता कर पाता। फिर भी हिम्मत मत हारिए। आपको किसी भी तरह की सहायता या सहयोग की आवश्यकता हो तो मुझे फोन पर संपर्क करिए। आप लोगों की मदद के लिए मेरे घर के दरवाजे सदैव खुले हैं।” राहुल गांधी के इन आत्मीय शब्दों से परिवार भावुक हो गया।
बीमारी से जूझते हुए भी सोशल मीडिया पर रहे सक्रिय
वाठोडा निवासी नीलेश देशभ्रतार युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव और सोशल मीडिया पदाधिकारी रहे थे। वे लंबे समय से कांग्रेस की गतिविधियों में सक्रिय थे और पार्टी के विभिन्न आंदोलनों व कार्यक्रमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। कैंसर से जूझने और स्वास्थ्य खराब रहने के बावजूद वे सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहे। राज्य और राष्ट्रीय मुद्दों पर राहुल गांधी तथा कांग्रेस के समर्थन में वे नियमित रूप से पोस्ट साझा करते थे।
11 अगस्त को बीमारी के चलते नीलेश का निधन हो गया। कांग्रेस के अखिल भारतीय सचिव नितीन कुंभलकर के माध्यम से राहुल गांधी को उनके निधन की जानकारी मिली। इसके अगले ही दिन राहुल गांधी ने फोन कर परिवार से संपर्क किया और उनकी स्थिति की जानकारी ली।
यह भी पढ़े -भाजपा की नवीन टीम का ऐलान - तावड़े फिर बने महामंत्री, भारती पवार को मिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व, कोषाध्यक्ष बने पीयूष गोयल
इलाज के दौरान परिवार को उठानी पड़ी परेशानी
पूजा देशभ्रतार ने बताया कि पति के इलाज के दौरान परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने राहुल गांधी को दो बार ईमेल के माध्यम से स्थिति की जानकारी देने का प्रयास भी किया था, लेकिन समय पर यह सूचना उन तक नहीं पहुंच सकी। हालांकि, नितीन कुंभलकर सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने नागपुर में इलाज के दौरान परिवार की मदद की।
पूजा ने कहा कि उनके पति ने कांग्रेस को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। राहुल गांधी ने परिवार के सदस्य की तरह आत्मीयता दिखाते हुए जिस तरह उनसे बातचीत की, वह उनके परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने जताया आभार
नितीन कुंभलकर ने राहुल गांधी द्वारा परिवार से फोन पर बातचीत कर सांत्वना देने और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीलेश के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अच्छे संबंध थे और वे संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। बीमारी से जूझने के बावजूद कांग्रेस और राहुल गांधी के समर्थन में उनकी सोशल मीडिया सक्रियता अंत तक जारी रही।
Created On :   17 Aug 2026 8:21 PM IST











