सीएम भगवंत मान ने गुनाह किया सुनील जाखड़
चंडीगढ़, 29 जून (आईएएनएस)। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी के मंत्री और विधायक अकाल तख्त के समक्ष पेश होकर उनके फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार करेंगे।
सुनील जाखड़ ने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैंने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा था कि आप अपनी अंतरात्मा से कह देते कि जो नाटक भगवंत मान कर रहे हैं, वो जबर गुनाह है, यह जबर पाप है। हम सांसद बेशक पार्टी में हैं, लेकिन भगवंत मान के साथ इस गुनाह में शामिल नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अगर सीएम भगवंत मान की बातों में सच्चाई होती तो वह अपने सबूत लेकर अकाल तख्त के सामने खुद ही पेश हो जाते। सबूत लेकर चले जाते और कहते कि देखिए मैंने ऐसा नहीं किया है। पहले भी वीडियो अकाल तख्त ने चेक करवाई, अब ये भी करवा लेते।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान ने अकाल तख्त का अपमान किया। इन्होंने अकाल तख्त का मजाक बनाया। इतना ही नहीं झूठी सर्वे रिपोर्ट भी बनवाई। इसके बाद अपने मंत्रियों से प्रेसवार्ता करवाई। इसके बाद खुद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इतना सबकुछ होने के बाद उन्होंने अपने विधायकों को भेज दिया। साथ ही, उन्होंने एक पन्ने में सबकुछ विस्तार से लिखकर दे दिया कि उन्हें क्या-क्या बोलना है।
उनके मुताबिक, भगवंत मान ने पाप पर पाप किया है, या फिर ये गुरु के पास जाते हैं और कहते हैं कि अब की बार बंदे को बख्श दें तो जरूर इस बारे में सोचा जाता। वह सब गुनाह माफ कर देते। इन्होंने लगातार पाप किया है, वह भी अहंकार की वजह से।
उन्होंने कहा कि अब भगवंत मान का समय आ चुका है। अब इनका अहंकार टूटेगा। इनका अहंकार खत्म होगा। ये जो नए एमएलए इनके कुकृत्य में भागीदार बने हैं, इन्हें भी सजा मिलेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2026 10:13 PM IST












