भगवंत मान वीडियो विवाद में नया मोड़, फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट के आरोप में गुरुग्राम में दो लोगों पर कार्रवाई
गुरुग्राम, 23 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो मामले में नया मोड़ सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो को कथित तौर पर फर्जी साबित करने के लिए तैयार की गई फोरेंसिक रिपोर्ट के मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मामला गुरुग्राम के सेक्टर-29 थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वही वीडियो है, जिसे लेकर सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब किया था। उस समय मुख्यमंत्री की ओर से वीडियो को फर्जी बताया गया था और इसे लेकर सवाल उठाए गए थे।
अब आरोप लगाया गया है कि वीडियो को फर्जी साबित करने के लिए गुरुग्राम की एक निजी लैब से कथित रूप से मनमाफिक फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराई गई। शिकायत में दावा किया गया है कि इस रिपोर्ट के लिए करीब 10 लाख रुपए की डील हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, यह कथित लेन-देन सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के एक होटल में हुआ था।
गुरुग्राम पुलिस ने जसवीर नामक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित और अरुण के रूप में बताई जा रही है। पुलिस दोनों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारी और आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
जांच में सामने आया है कि दोनों पर एक पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री का कथित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित डीपफेक वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो तैयार करने और उसकी सत्यता साबित करने के लिए इस्तेमाल किए गए डिजिटल संसाधन और फोरेंसिक प्रक्रिया कितनी वैध थी।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित लोगों के पास इस तरह के डिजिटल विश्लेषण के लिए कोई सरकारी मान्यता प्राप्त या अधिकृत लैब नहीं थी। मामले में डिजिटल गतिविधियों और तैयार की गई रिपोर्ट की प्रमाणिकता की जांच की जा रही है।
इस पूरे प्रकरण में कथित 10 लाख रुपए के लेन-देन की भी जांच चल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसमें से 2.5 लाख रुपए एक बैंक खाते और 7.5 लाख रुपए दूसरे खाते में जमा करने की बात सामने आई है।
पुलिस अब वीडियो की वास्तविकता की जांच को लेकर फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेज रही है। साथ ही मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका, जिसमें किसी प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना भी शामिल है, की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jun 2026 11:12 PM IST












