तेजस्वी यादव का भाजपा पर तंज-‘एजेंडा संविधान बदलने का है’
पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के गिरने पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि असली एजेंडा संविधान बदलने का है।
पटना में तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं की आड़ में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ कोई भी पार्टी या सांसद नहीं है। इस बात को साफ तौर पर समझने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पारित हो चुका है। हमारी मांग थी कि इसमें ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण दिया जाए। अगर पुरुषों के लिए जाति-आधारित प्रावधान हैं तो महिलाओं के लिए क्यों नहीं, लेकिन सरकार ने हमारी इस मांग को नहीं माना।
तेजस्वी ने कहा कि यह विधेयक पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान जल्दबाजी में लाया गया था। पहले यह 2011 की जनगणना पर आधारित था, लेकिन हमारी मांग है कि इसे 2025 की ताजा जनगणना पर आधारित किया जाए, ताकि पिछड़े वर्गों, अत्यंत पिछड़े वर्गों और दलितों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को पता था कि उनके पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है, फिर भी उन्होंने विधेयक पेश किया ताकि खुद को महिलाओं का हितैषी दिखा सकें। उन्होंने इसे राजनीतिक नौटंकी और प्रोपगैंडा करार दिया।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि भाजपा संविधान बदलने के अपने मंसूबों को पूरा करने के लिए महिलाओं की आड़ ले रही है और लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है, लेकिन हम उनकी तमाम कोशिशों को विफल करेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें काम करने की जरूरत है। वे ज्यादा बातें न करें। बिहार 20 साल से फिसड्डी बना हुआ है, कब टॉप 5 में आएगा? खजाना खाली है, उसे कैसे भरा जाएगा? बिहार के विकास के लिए उनके पास क्या रोडमैप है? रोजगार, व्यापार और बिजली दरों पर क्या प्लान है? बिजली की दरें बढ़ाई गई हैं, लेकिन मुद्दों पर बात नहीं की जाती।
तेजस्वी ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि हमने पहले भी कहा था कि बिहार को गुजरात से चलाया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 9:06 PM IST










